1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दो दिन में शुरू हो रहा है क्रिकेट वर्ल्ड कप, पहले ही मैच में नजर आएगी टीम इंडिया

दो दिन में शुरू हो रहा है क्रिकेट वर्ल्ड कप, पहले ही मैच में नजर आएगी टीम इंडिया

 Published : Jan 13, 2026 02:19 pm IST,  Updated : Jan 13, 2026 02:19 pm IST

आईसीसी अंडर 19 विश्व कप 2026 का आगाज 15 जनवरी से होने जा रहा है। इसी दिन भारतीय टीम मैदान पर नजर आएगी। आयुष म्हात्रे टीम के कप्तान हैं। सभी की नजर इस टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी।

vaibhav suryavanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी Image Source : PTI

वैसे तो अभी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी चल रही है। फरवरी में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में ये टूर्नामेंट खेला जाएगा। इसका शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका है और टीमें ने इसकी तैयारी भी तेज कर दी है। इस बीच दो दिन में ही एक और विश्व कप शुरू होने जा रहा है। ये है अंडर 19 विश्व कप, जो वनडे फॉर्मेट यानी 50 ओवर का खेला जाएगा। पहले ही दिन भारतीय टीम मैदान में उतरेगी। 

जिम्बाब्वे और नामिबिया में खेला जाएगा इस साल का अंडर 19 विश्व कप

अंडर 19 विश्व कप का आयोजन भी आईसीसी की ओर से किया जाता है। यहां खेलकर और इस खिताब को जीतकर भारत के कई युवा खिलाड़ी इंटरनेशनल स्तर पर नाम रोशन कर रहे हैं। इस बार का विश्व कप जिम्बाब्वे और नामीबिया में हो रहा है। इसका पहला मुकाबला 15 जनवरी को खेला जाएगा। इसी दिन टीम इंडिया मैदान पर दिखाई देगी। 15 जनवरी को भारत और यूएसए की टीमें आमने सामने होंगी। ये मैच भारतीय समय अनुसार दोपहर एक बजे से शुरू होगा। 

15 जनवरी को भारतीय टीम खेलेगी पहला मुकाबला, यूएसए से होगी टक्कर

पहले दिन यानी 15 जनवरी को ही जिम्बाब्वे और स्कॉटलैंड की युवा टीमें भी आपस में ​भिड़ेंगी। इसके अलावा उसी दिन वेस्टइंडीज और तंजानिया की भी टक्कर होगी। यानी पहले दिन कुल मिलाकर तीन मैच खेले जाएंगे। बात अगर केवल टीम इंडिया के मैचों की करें तो टीम अगला मुकाबला 17 जनवरी को खेलेगी, उस दिन भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम अपना आखिरी लीग मैच 24 जनवरी को खेलेगी, जब उसकी टक्कर न्यूजीलैंड से होगी। 

छह फरवरी को खेला जाएगा अंडर 19 विश्व कप का फाइनल

अंडर 19 विश्व कप में आखिरी लीग मैच 24 जनवरी को ही खेला जाएगा। इसके बाद प्लेआफ के मैच शुरू हो जांएगे। जो भी टीमें अपने अपने मैच जीतकर अगले राउंड में जाएगी, उसके बाद तय होगा कि कौन सी टीम किससे, कब और कहां भिड़ेगी। छह फरवरी को इसका फाइनल होगा। जो हरारे स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी दिन पता चलेगा कि इस बार कौन सी टीम विजेता बनी है। 

भारतीय टीम एक बार फिर से खिताब जीतने की दावेदार

बात अगर टीम इंडिया की करें तो इसकी कमान आयुष म्हात्रे को दी गई है। साथ ही विहान मल्होत्रा को उपकप्तान बनाया गया है। भारत की अंडर 19 टीम ने हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली थी, इसके सभी मैच भारत ने आसानी ने जीत लिए थे। हालांकि तक वैभव सूर्यवंशी कप्तानी कर रहे थे। अब देखना होगा कि आयुष की कप्तानी में टीम कैसा प्रदर्शन करती है। 

अंडर 19 विश्व कप के लिए भारत की टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा ​​(उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, एरॉन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेट कीपर), हरवंश सिंह (विकेट कीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलन ए पटेल, मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल, डी. दीपेश, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन

यह भी पढ़ें 

ICC Rankings: दूसरे वनडे से पहले कैसी है भारत और न्यूजीलैंड की रैंकिंग, धमाकेदार होगा दूसरा मुकाबला

IND vs NZ: कितने बजे से शुरू होगा भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे, नोट कीजिए टाइम और डेट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल