India vs New Zealand 2nd ODI Playing XI: भारत और न्यूजीलैंड की टीमें वनडे सीरीज के दूसरे मैच की तैयारी में लगी हुई हैं। तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 14 जनवरी को खेला जाएगा। ये सीरीज का काफी अहम मैच है। भारतीय टीम के जीतते ही सीरीज करीब करीब खत्म हो जाएगी, क्योंकि इस पर भारत का कब्जा हो जाएगा। आखिरी मैच के फिर कोई खास मायने नहीं रह जाएंगे। इस बीच दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में बदलाव होगा। बदलाव जरूरी नहीं है, लेकिन मजबूरी जरूर है। चलिए जरा समझने की कोशिश करते हैं कि अगले मैच में टीम इंडिया किन 11 खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरेगी।
वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण हो चुके हैं सीरीज से बाहर
दरअसल पहले मैच में भारत की जो प्लेइंग इलेवन मैदान में उतरी थी, उसमें से एक खिलाड़ी चोटिल होकर बाहर हो गया है। वॉशिंगटन सुंदर पहले मैच में खेले थे, लेकिन इसी दौरान वे चोटिल हो गए। पहले उम्मीद थी कि वे वापसी कर जाएंगे, लेकिन बाद में पता चला कि चोट गंभीर है, इसलिए उन्हें बाकी दो मैचों के लिए स्क्वाड से बाहर कर दिया गया। उनकी जगह बीसीसीआई ने आयुष बदोनी को टीम में शामिल करने का ऐलान किया है।
नितीश कुमार रेड्डी को मिल सकता है भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरे वनडे में मौका
इस बीच आयुष बदोनी भले ही सीरीज के लिए टीम में शामिल कर लिए गए हों, लेकिन इस बात की संभावना काफी कम है कि वे अगले मैच में खेल पाएंगे। आयुष बदोनी को पहली बार टीम इंडिया में शामिल होने का मौका मिला है, ऐसे में इतनी जल्दी प्लेइंग इलेवन में आना करीब करीब असंभव टाइप का है। ऐसे में सवाल ये है कि वॉशिंगटन सुंदर की जगह टीम में किस खिलाड़ी की एंट्री होगी। इसके लिए सबसे मजबूत दावेदार नितीश कुमार रेड्डी हैं। उन्हें पहले ही मैच में मौका मिलना चाहिए था, लेकिन टीम ने तीन स्पिनर्स के साथ जाने का फैसला किया, इसलिए उनका नंबर नहीं आया। लेकिन अब नितीश कुमार को मौका मिल सकता है। वे बल्लेबाजी के साथ साथ मिडियम पेस के कुछ ओवर भी कर सकते हैं।
अर्शदीप सिंह भी आ सकते हैं प्लेइंग इलेवन के अंदर
इस बीच पहले मैच में तेज गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा का मौका दिया गया था। हर्षित ने शानदार गेंदबाजी के साथ साथ बल्लेबाजी में भी अपने हाथ दिखाए, लेकिन प्रसिद्ध प्रभावित नहीं कर पाए। उन्होंने दो विकेट जरूर लिए, लेकिन 9 ओवर में 60 रन खर्च कर दिए थे। ऐसे में संभावना है कि अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है। दूसरा बदलाव हो चाहे ना हो, लेकिन एक परिवर्तन तो टीम इंडिया को करना ही होगा। देखना होगा कि अगले मैच में भारतीय टीम किस तरह का प्रदर्शन करती है।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।
यह भी पढ़ें
दो दिन में शुरू हो रहा है क्रिकेट वर्ल्ड कप, पहले ही मैच में नजर आएगी टीम इंडिया
ICC Rankings: दूसरे वनडे से पहले कैसी है भारत और न्यूजीलैंड की रैंकिंग, धमाकेदार होगा दूसरा मुकाबला