1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दिल्ली में नहीं खेला जाएगा भारत-श्रीलंका का पहला वनडे! DDCA ने की मैच शिफ्ट करने की मांग

दिल्ली में नहीं खेला जाएगा भारत-श्रीलंका का पहला वनडे! DDCA ने की मैच शिफ्ट करने की मांग

भारत और श्रीलंका के बीच 13 दिसंबर को होने वाला पहला वनडे मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम से शायद दूसरी जगह शिफ्ट किया जा सकता है। दरसअल इस समय स्टेडियम में रेनोवेशन का काम चल रहा है।

Arun Jaitley Stadium- India TV Hindi
Image Source : IANS अरुण जेटली स्टेडियम

भारत और श्रीलंका के बीच होने वाला पहला वनडे मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम से बाहर शिफ्ट किया जा सकता है। दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से यह अनुरोध किया है कि 13 दिसंबर को होने वाले इस मैच को दिल्ली से किसी वेन्यू पर शिफ्ट कर दिया जाए। सूत्रों के मुताबिक DDCA ने इस तारीख पर मैच कराने में असमर्थता जताई है और इसके पीछे कई वजहें बताई हैं, जिनमें इस समय दिल्ली का बढ़ता प्रदूषण स्तर और स्टेडियम में चल रहा रेनोवेशन का काम शामिल है।

DDCA ने BCCI को लिखा पत्र

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक ऐसा माना जा रहा है कि DDCA ने BCCI को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने तय तारीख पर मैच की मेजबानी करने में असमर्थता जताई है। संघ ने इस अनुरोध के पीछे कई वजहें बताई हैं। इस समय दिल्ली में प्रदूषण का स्तर भी काफी बढ़ जाता है, ऐसे में उस समय में मैच का आयोजन करवाना सही नहीं होगा। इसके अलावा, स्टेडियम में इस समय रेनोवेशन काम भी चल रहा है। ऐसे में मैच का आयोजन हो पाना मुश्किल है।

बीसीसीआई सचिव ने पहले इस खबर को किया था खारिज

बीसीसीआई ने पिछले महीने कहा था कि मैच दिल्ली से बाहर नहीं जाएगा और सचिव देवाजित सैकिया ने अहमदाबाद में मैच शिफ्ट होने की खबरों को खारिज कर दिया था। लेकिन अब आउटफील्ड का काम समय पर पूरा होने को लेकर संदेह बना हुआ है, इसलिए एक बार फिर यह सवाल उठने लगा है कि क्या यह मैच दिल्ली में ही होगा या किसी दूसरी जगह पर खेला जाएगा। अब भारत बनाम श्रीलंका मैच को लेकर बीसीसीआई क्या फैसला लेता है ये आने वाले वक्त में ही पता चलेगा।

पालम में खेले जा रहे हैं रणजी ट्रॉफी के मुकाबले

अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहे रिनोवेशन का असर दिल्ली के घरेलू क्रिकेट पर भी पड़ने लगा है। डीडीसीए (DDCA) ने रणजी ट्रॉफी के अपने सभी घरेलू मैच पालम के एयरफोर्स कॉम्प्लेक्स ग्राउंड में शिफ्ट कर दिए हैं। दिल्ली ने अपना दूसरा मैच गुजरात के खिलाफ यहीं खेला था जो ड्रॉ रहा। सोमवार से उनका मुकाबला सर्विसेज टीम के साथ इसी मैदान पर खेला जा रहा है। इसके अलावा टूर्नामेंट के दूसरे चरण में महाराष्ट्र की टीम भी मैच खेलने के लिए यहीं आएगी।

यह भी पढ़ें

ICC ODI रैंकिंग में अफगानिस्तान ने पहली बार टॉप-6 में बनाई जगह, श्रीलंका-इंग्लैंड को छोड़ा पीछे, भारत नंबर 1 पर

'सुबह उठकर सोचता हूं आखिर इतनी मेहनत क्यों करूं' – टीम इंडिया से नजरअंदाज किए जाने पर छलका सरफराज खान का दर्द

Latest Cricket News