1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया के एक और दौरे का ऐलान, साल के अंत में करेगी साउथ अफ्रीका का टूर

टीम इंडिया के एक और दौरे का ऐलान, साल के अंत में करेगी साउथ अफ्रीका का टूर

भारतीय महिला टीम इस साल के अंत में साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी। इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच टेस्ट और वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।

Indian Women Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AP भारतीय महिला क्रिकेट टीम

क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने इस साल के अंत में भारत और ऑस्ट्रेलिया के साथ सीरीज का ऐलान किया है। भारतीय महिला टीम और साउथ अफ्रीका महिला टीम के बीच इस दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज और एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये एकमात्र टेस्ट मैच 20 से 23 दिसंबर तक गकेबेरहा में खेला जाएगा। वनडे सीरीज को लेकर बात करें तो तीनों मुकाबले ICC महिला चैंपियनशिप के तहत खेले जाएंगे। तीन मैचों की ये वनडे सीरीज 9 से 15 दिसंबर तक पोटचेफस्ट्रूम, ब्लोमफ़ोन्टेन और केप टाउन में खेली जाएगी।

6 दिसंबर से होगी टीम इंडिया के साउथ अफ्रीका दौरे की शुरुआत

भारत के साउथ अफ्रीका दौरे की शुरुआत 6 दिसंबर से होगी। टीम इंडिया 6 दिसंबर को बेनोनी में साउथ अफ्रीका इमर्जिंग टीम के खिलाफ एक वार्म-अप मैच खेलेगी। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक कुल 3 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं और दोनों टीमों के बीच खेला जाने वाला ये मैच चौथा टेस्ट मुकाबला होगा। साउथ अफ्रीका के क्रिकेट बोर्ड ने आगामी समर सीजन के लिए एक बड़े शेड्यूल का ऐलान किया है। भारत का ये दौरा उनके शेड्यूल का पहला हिस्सा होगा।

ऑस्ट्रेलिया महिला टीम भी करेगी साउथ अफ्रीका का दौरा

भारत का दौरा समाप्त होने के बाद साउथ अफ्रीका की टीम नए साल में ऑस्ट्रेलिया के साथ सीरीज खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया की टीम 18 मार्च से 11 अप्रैल 2027 तक एक पूरे मल्टी-फॉर्मेट सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका दौरे पर आएगी। ऑस्ट्रेलिया के इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल, तीन वनडे और एक टेस्ट मैच खेला जाएगा। T20I सीरीज के मुकाबले किम्बरली, बेनोनी और ईस्ट लंदन में खेले जाएंगे। इसके बाद वनडे मैच गकेबेरहा, पार्ल और डरबन में होगा। वनडे सीरीज का आखिरी मैच ब्लैक डे ODI के तहत खेला जाएगा।

भारतीय महिला टीम के साउथ अफ्रीका दौरे का शेड्यूल

तारीख मुकाबला वेन्यू
06 दिसंबर वार्म अप मैच बेनोनी
09 दिसंबर पहला वनडे पोटचेफस्ट्रूम
12 दिसंबर दूसरा वनडे ब्लोमफ़ोन्टेन
15 दिसंबर तीसरा वनडे केप टाउन
दिसंबर 20-दिसंबर 23 एकमात्र टेस्ट गकेबेरहा

इन दोनों दौरे को लेकर क्रिकेट साउथ अफ्रीका के CEO ने क्या कहा?

क्रिकेट साउथ अफ्रीका के CEO फोलेत्सी मोसेकी ने कहा कि हमें भारत और ऑस्ट्रेलिया जैसी दुनिया की दो बेहतरीन टीमों की मेजबानी करके बहुत खुशी हो रही है। साउथ अफ्रीका महिला टीम के लिए यह घरेलू सीजन जबरदस्त होने वाला है। ये दौरे इंटरनेशनल महिला क्रिकेट का सबसे बेहतरीन रूप दिखाएंगे और फैंस के लिए भी ये सीरीज शानदार और यादगार होने वाला है। हमें उम्मीद है इन सभी सीरीज के दौरान फैंस साउथ अफ्रीका टीम को सपोर्ट करने के लिए मैदान पर पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें

IPL 2026 में धोनी सबसे उम्रदराज तो वैभव सूर्यवंशी हैं युवा खिलाड़ी, दोनों के बीच की उम्र का अंतर कर देगा आपको हैरान

LSG SWOT Analysis: कागजों पर खतरनाक है ऋषभ पंत की टीम, क्या मैदान पर उसे उतारने में होंगे कामयाब?

Latest Cricket News