इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में ऋषभ पंत की कप्तानी में खेलने वाली लखनऊ सुपर जाएंट्स के स्क्वाड को देखा जाए तो उसमें एक से एक धाकड़ खिलाड़ियों की मौजूदगी देखने को मिलती है। लखनऊ सुपर जाएंट्स ने पिछले आईपीएल सीजन में लीग स्टेज के मुकाबले होने के बाद 7वें नंबर पर खत्म किया था। लखनऊ ने 14 मैचों में खेलते हुए सिर्फ 6 में जीत हासिल की थी तो वहीं उन्हें 8 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अब 19वें सीजन में लखनऊ सुपर जाएंट्स किस तरह से वापसी करेगी ये काफी कुछ उनके कप्तान ऋषभ पंत पर निर्भर रहने वाला है।
मोहम्मद शमी से लेकर इन प्लेयर्स को LSG ने अपने स्क्वाड में जोड़ा
आईपीएल के पिछले सीजन में लखनऊ सुपर जाएंट्स के जहां कई अहम खिलाड़ियों का फॉर्म काफी खराब देखने को मिला था, जिसमें उनके कप्तान ऋषभ पंत का नाम भी शामिल है। वहीं उनकी गेंदबाजी भी काफी कमजोर दिखी थी। ऐसे में आगामी सीजन में लखनऊ की स्क्वाड में कुछ बदलाव भी देखने को मिलेंगे, जिसमें अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के अलावा वानिंदु हसरंगा का नाम भी शामिल है। इसके अलावा जोश इंग्लिश जो बल्लेबाजी में टीम को मजबूती देंगे तो वहीं अर्जुन तेंदुलकर को तेज गेंदबाज ऑलराउंडर खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने शामिल किया है।
आक्रामक बैटिंग ऑर्डर, गेंदबाजी भी पहले से दिख रही अधिक मजबूत
लखनऊ सुपर जाएंट्स का आईपीएल 2026 में स्क्वाड देखा जाए तो उसमें एक से एक धाकड़ खिलाड़ी देखने को मिलते हैं, जो अकेले अपने दम पर पूरे मुकाबले का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं। लखनऊ सुपर जाएंट्स के बल्लेबाजी में मौजूद प्लेयर्स को देखा जाए तो उसमें उनके कप्तान ऋषभ पंत के अलावा मिचेल मार्श, एडन माक्ररम, जोश इंग्लिश और निकोलस पूरन का नाम शामिल है, जिनके सामने किसी भी गेंदबाज के लिए बॉलिंग करना बिल्कुल भी आसान काम नहीं है। यदि ये खिलाड़ी अपना कमाल दिखाने में कामयाब रहे तो लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम का टॉप ऑर्डर बाकी किसी भी टीम के मुकाबले काफी मजबूत दिख रहा है, जिसमें किसी एक भी चलने पर वह जहां बड़ा स्कोर बना सकते हैं, तो वहीं बड़े टारगेट का पीछा करना भी उनके लिए आसान काम होगा।
LSG के गेंदबाजी अटैक को लेकर बात की जाए जो पिछले सीजन थोड़ा कमजोर दिखा था, उसमें मोहम्मद शमी के आने से अब काफी बेहतर दिख रहा है, जिनका अनुभव स्क्वाड में मौजूद बाकी के गेंदबाजों के लिए काफी अहम रहने वाला है। मयंक यादव जो अपनी गति के लिए चर्चा में रहे थे, वह पूरी तरह से इस सीजन में खेलने के लिए फिट हैं जो लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए अच्छी बात है। स्पिन गेंदबाजी को लेकर बात की जाए तो उसमें दिग्वेश राठी के अलावा वानिंदु हसरंगा का नाम शामिल है जिनकी गिनती टी20 क्रिकेट में विकेट टेकिंग गेंदबाज के तौर पर की जाती है। इसके अलावा एडन माक्ररम के रूप में भी एक विकल्प रहेगा जो पावरप्ले में भी गेंदबाजी कर सकते हैं।

लखनऊ के लिए ये दिक्कतें बन सकती हैं बड़ी समस्या
लखनऊ सुपर जाएंट्स के स्क्वाड में एक से एक मैच विनर खिलाड़ी तो मौजूद हैं, लेकिन उनके लिए जो एक बड़ी समस्या है वह ये कि बल्लेबाजी में काफी सारे ऐसे प्लेयर्स हैं जो पहली गेंद से ही हिट करना शुरू कर देते हैं। ये स्थिति लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए थोड़ा नुकसानदायक भी साबित हो सकती है क्योंकि यदि शुरुआती ओवर्स में उन्होंने जल्दी विकेट गंवा दिए तो उसके बाद उनके लिए मुकाबले में बड़ा स्कोर बनाना आसान नहीं रहेगा। ऐसे में किसी एक खिलाड़ी को टॉप ऑर्डर में लंबा खेलने की जिम्मेदारी लेनी होगी, जिसमें सिर्फ एडन माक्ररम का नाम सामने आ रहा है।
वहीं निचलेक्रम में लखनऊ के पास कोई ऐसा बल्लेबाज देखने को नहीं मिल रहा जो तेजी के साथ रन बनाने की क्षमता रखता है, इसमें पिछली बार आयुष बडोनी ने इस भूमिका को अदा किया था, लेकिन वह अधिक सफल नहीं हो सके थे। वहीं गेंदबाजी यूनिट भी कागजों पर काफी खतरनाक दिख रही है, लेकिन वह उसे मैदान पर दिखाने में कामयाब हो पाएंगे या नहीं ये एक बड़ा सवाल जरूर है, क्योंकि कुछ खिलाड़ियों की फिटनेस पर भी लखनऊ सुपर जाएंट्स को काफी संभलकर रहना होगा।

आईपीएल 2026 में LSG क्या दिखा पाएगी कमाल?
इसमें कोई शक नहीं कि पिछले सीजन के मुकाबले ऋषभ पंत की कप्तानी में आईपीएल 2026 में खेलने वाली लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्क्वाड इस बार काफी मजबूत दिख रही है। हालांकि उनके लिए इसके बावजूद खिताब जीतना आसान काम नहीं रहने वाला है। इसके लिए खुद पंत को बल्ले से अहम भूमिका निभानी होगी, वहीं गेंदबाजी अटैक कैसा प्रदर्शन करता है इसको लेकर भी काफी कुछ निर्भर रहने वाला है। यदि लीग स्टेज के शुरुआती मैचों में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाड़ियों का फॉर्म बेहतर रहा तो फिर उन्हें रोकना आसान नहीं होगा, लेकिन यदि टीम पहले कुछ मैचों में लय नहीं पाती है तो फिर उनके लिए टॉप-4 में जगह बना पाना थोड़ा मुश्किल काम ही दिखता है।
ये भी पढ़ें
RCB SWOT Analysis: IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की अग्निपरीक्षा, क्या दोहरा पाएगी इतिहास?
KKR SWOT Analysis: केकेआर के लिए इस IPL सीजन काफी हैं चुनौतियां, आसान नहीं होगी कप जीतने की राह