1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 में ऐसी हो सकती है भारत की Playing 11, कप्तान सूर्या देंगे इन प्लेयर्स को जगह?

पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 में ऐसी हो सकती है भारत की Playing 11, कप्तान सूर्या देंगे इन प्लेयर्स को जगह?

एशिया कप 2025 के सुपर-4 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला दुबई के मैदान पर 21 सितंबर को खेला जाएगा। इस मैच के लिए भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है। वहीं पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान अली आगा हैं।

suryakumar yadav- India TV Hindi
Image Source : AP सूर्यकुमार यादव

India vs Pakistan Asia Cup 2025: भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें टी20 एशिया कप 2025 के सुपर-4 में पहुंच चुकी हैं, जहां इन दोनों टीमों के बीच 21 सितंबर को महामुकाबला खेला जाएगा। जब पिछली बार दोनों टीमें आपस में भिड़ी थीं। तब भारत ने 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया था। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम बहुत ही शानदार प्रदर्शन कर रही और वह लगातार तीन मुकाबले जीतकर सुपर-4 में पहुंची है। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 में भी भारतीय टीम जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी।

अभिषेक और गिल कर सकते हैं ओपनिंग

भारतीय टीम के लिए अभी तक एशिया कप 2025 में ओपनिंग की जिम्मेदारी शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने संभाली है। इन दोनों प्लेयर्स को एक और चांस मिल सकता है। अभिषेक तेजी के साथ रन बनाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने मौजूदा टूर्नामेंट के तीन मैचों में 225 के स्ट्राइक रेट से कुल 99 रन बनाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। तीसरे नंबर पर संजू सैमसन को उतारा जा सकता है। संजू ने ओमान के खिलाफ मैच में दमदार 56 रनों की पारी खेली और अपने खेल से टीम इंडिया को जिताने में सफल रहे हैं।

चौथे नंबर पर उतर सकते हैं कप्तान सूर्यकुमार यादव

चौथे नंबर पर कप्तान सूर्यकुमार यादव उतर सकते हैं। वह ओमान के खिलाफ मैच में बैटिंग के लिए नहीं आए थे। वहीं पांचवें नंबर पर तिलक वर्मा को उतारा जा सकता है। तिलक एक बार क्रीज पर टिक गए, तो बड़ी पारी खेलते हैं। हार्दिक पांड्या को छठे नंबर पर मौका मिल सकता है। ऑलराउंर्स के तौर पर शिवम दुबे और अक्षर पटेल को मौका दिया जा सकता है। अक्षर ओमान के खिलाफ मैच में चोटिल हो गए थे। लेकिन फील्डिंग कोच टी दिलीप ने कहा है कि वह फिलहाल ठीक हैं।

जसप्रीत बुमराह की हो सकती है प्लेइंग इलेवन में वापसी

ओमान के खिलाफ मैच अबू धाबी के मैदान पर खेला गया था और भारतीय प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए गए थे। तब अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को मौका दिया गया था। लेकिन सुपर-4 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला दुबई के मैदान पर होगा। इस ग्राउंड पर स्पिनर्स को मदद मिलती है। ऐसे में प्लेइंग इलेवन से अर्शदीप और हर्षित को बाहर किया जा सकता है। वहीं जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती की वापसी हो सकती है।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन:

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती।

यह भी पढ़ें:

कब और कितने बजे शुरू होगा सुपर-4 का ये महामुकाबला, कहां देख पाएंगे Live Streaming

वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सभी की नजरें, जानें पहले यूथ वनडे मैच की कहां पर देखें Live Streaming

Latest Cricket News