भारतीय अंडर-19 टीम के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे का आगाज 21 सितंबर से होगा जिसमें टीम इंडिया तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज मेजबान टीम के खिलाफ खेलेगी। इस दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 टीम की स्क्वाड का ऐलान बीसीसीआई की तरफ से पहले ही कर दिया गया था। अंडर-19 टीम के इस दौरे पर सभी फैंस की नजरें एकबार फिर से बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर रहने वाली हैं, जिसमें इससे पहले इंग्लैंड के दौरे पर भी उनका बल्ले से प्रदर्शन काफी शानदार देखने को मिला था।
ब्रिस्बेन के मैदान पर खेला जाएगा यूथ वनडे सीरीज का पहला मुकाबला
भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के बीच में यूथ वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ब्रिस्बेन के इयान हीली ओवल के मैदान पर खेला जाएगा। इस सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी आयुष म्हात्रे संभालते हुए नजर आएंगे। वहीं यूथ वनडे सीरीज में वैभव सूर्यवंशी के अलावा आरएस अंबरीश और विहान मल्होत्रा के प्रदर्शन पर भी सभी की नजरें रहने वाली हैं, इन दोनों ही प्लेयर्स ने इंग्लैंड के दौरे पर शानदार खेल दिखाया था। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम की तरफ से यूथ वनडे सीरीज में कप्तानी की जिम्मेदारी 18 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज साइमन बज संभालेंगे।
यहां पर होगी पहले यूथ वनडे मैच की लाइव स्ट्रीमिंग
तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले के लाइव टेलीकास्ट को लेकर बात की जाए तो भारतीय फैंस इसका सीधा प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, जिसमें मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे हो जाएगी, जिसमें टॉस सुबह 9:30 बजे होगा। वहीं इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार की एप पर की जाएगी जहां फैंस लॉगिन कर मैच देख सकते हैं।
यूथ वनडे सीरीज के लिए यहां पर देखिए दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत - आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, राहुल कुमार, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आर एस अंबरीश, कनिष्क चौहान, नमन पुष्पक, हेनिल पटेल, डी दीपेश, किशन कुमार, अनमोलजीत सिंह, खिलान पटेल, उधव मोहन, अमन चौहान।
रिजर्व खिलाड़ी - युधाजीत गुहा, लक्ष्मण, बी.के. किशोर, अलंकृत रापोल, अर्नव बुग्गा।
ऑस्ट्रेलिया - साइमन बज, एलेक्स टर्नर, स्टीव होगन, विल मालजचुक, यश देशमुख, टॉम होगन, आर्यन शर्मा, जॉन जेम्स, हेडन शिलर, चार्ल्स लैचमंड, बेन गॉर्डन, विल बायरोम, केसी बार्टन, एलेक्स ली यंग, जेडन ड्रेपर।
रिजर्व खिलाड़ी - जेड हॉलिक, टॉम पैडिंगटन, जूलियन ओसबोर्न।