1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026, Purple Cap: CSK के गेंदबाज ने पर्पल कैप की रेस में मारी जोरदार एंट्री, नंबर-1 की कुर्सी पर मंडराया खतरा

IPL 2026, Purple Cap: CSK के गेंदबाज ने पर्पल कैप की रेस में मारी जोरदार एंट्री, नंबर-1 की कुर्सी पर मंडराया खतरा

चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज ने शानदार गेंदबाजी की बदौलत पर्पल कैप की रेस में जगह बना ली है। कंबोज अब टॉप-3 गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं।

Anshul Kamboj Purple Cap- India TV Hindi
Image Source : AFP अंशुल कंबोज

IPL 2026 में 11 अप्रैल का दिन बल्लेबाजों के धमाकों के साथ-साथ गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के लिए भी यादगार बन गया। 200+ स्कोर वाले मुकाबलों के बीच चेन्नई सुपर किंग्स के युवा गेंदबाज अंशुल कंबोज ने अपनी गेंदबाजी से ऐसी छाप छोड़ी कि वह पर्पल कैप की रेस में मजबूती से शामिल हो गए। शनिवार को खेले गए मुकाबलों में पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के 219 रन के बड़े लक्ष्य को 7 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स ने 212 रन बनाने के बाद दिल्ली कैपिटल्स को 189 रन पर रोक दिया। इन हाई-स्कोरिंग मैचों के बीच गेंदबाज अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित करने में सफल रहे, जिससे पर्पल कैप की रेस में बड़ा बदलाव देखने को मिला।

अंशुल कंबोज ने लगाई लंबी छलांग

चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज ने दिल्ली के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट 35 रन देकर अपने सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। खास बात यह है कि उन्होंने इस सीजन के हर मैच में कम से कम एक विकेट जरूर लिया है। इस शानदार प्रदर्शन के बाद कंबोज अब पर्पल कैप की रेस में लखनऊ सुपर जायंट्स के रवि बिश्नोई और गुजरात टाइटंस के प्रसिद्ध कृष्णा के बीच पहुंच गए हैं।

पर्पल कैप की रेस हुई दिलचस्प

फिलहाल, अंशुल कंबोज के नाम 8 विकेट हो चुके हैं। वह नंबर-1 पर काबिज रवि बिश्नोई से सिर्फ एक विकेट पीछे हैं, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा से दो विकेट आगे हैं। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा के पीछे 5-5 विकेट के साथ कई गेंदबाज मौजूद हैं, जिनमें चेन्नई के जेमी ओवरटन, पंजाब किंग्स के विजयकुमार विशाख, गुजरात के राशिद खान, दिल्ली के लुंगी एंगिडी, लखनऊ के प्रिंस यादव, RCB के जैकब डफी, कोलकाता के वैभव अरोड़ा, हैदराबाद के हर्ष दुबे और राजस्थान रॉयल्स के जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर शामिल हैं। सीजन जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, पर्पल कैप की रेस और भी रोमांचक होती जा रही है। अंशुल कंबोज जैसे युवा खिलाड़ी जिस तरह से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, उससे यह साफ है कि इस बार मुकाबला आखिरी तक कड़ा रहने वाला है।

IPL 2026 में अब तक सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज

  • रवि बिश्नोई - 9
  • अंशुल कंबोज - 8
  • प्रसिद्ध कृष्णा - 6
  • राशिद खान - 5

यह भी पढ़ें:

'वैभव सूर्यवंशी के आगे लोग अभिषेक को भुला देंगे', पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर का अजीबोगरीब दावा

LSG vs GT Head To Head: लखनऊ और गुजरात के बीच होगी हाई-वोल्टेज टक्कर, हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

Latest Cricket News