IPL 2026 में उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी का तूफानी प्रदर्शन हर किसी का ध्यान खींच रहा है, लेकिन अब उनकी तुलना भारत के स्थापित बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से होने लगी है। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज तनवीर अहमद के एक बयान ने इस बहस को और हवा दे दी है। तनवीर अहमद ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए दावा किया कि यह युवा खिलाड़ी आने वाले समय में अभिषेक शर्मा जैसे बड़े नामों को भी पीछे छोड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जब सूर्यवंशी भारतीय टीम के लिए खेलेंगे, तो उनका आक्रामक और बेखौफ अंदाज उन्हें सबसे अलग बना देगा।
उन्होंने कहा कि जब सूर्यवंशी भारत के लिए खेलेंगे, लोग अभिषेक शर्मा को भूल जाएंगे। और जब दोनों साथ बल्लेबाजी करेंगे, तो अभिषेक उनके आसपास भी नहीं दिखेंगे। इतना ही नहीं, तनवीर ने यह भी कहा कि फैंस सूर्यवंशी के खेल में इतने खो जाएंगे कि उन्हें अभिषेक की मौजूदगी का एहसास तक नहीं होगा। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने बयान को थोड़ा नरम करते हुए माना कि लंबे समय तक किसी खिलाड़ी की सफलता का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है।
15 साल के सूर्यवंशी का धमाका
राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी इस सीजन के सबसे बड़े सरप्राइज पैकेज बनकर उभरे हैं। उन्होंने सिर्फ चार पारियों में 200 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में बढ़त बना रखी है। उनकी सबसे यादगार पारी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आई, जहां उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में 78 रन ठोक दिए। खास बात यह है कि सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह और जोश हेजलवुड जैसे दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ भी बेखौफ अंदाज में रन बनाए हैं।
अभिषेक शर्मा का दम भी बरकरार
दूसरी ओर, अभिषेक शर्मा अभी भी भारत के सबसे भरोसेमंद T20 बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। T20 वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन मिला-जुला रहा, लेकिन उन्होंने जिम्बाब्वे और न्यूजीलैंड के खिलाफ अहम अर्धशतक लगाए। IPL 2026 में भी उन्होंने अपनी फॉर्म दिखाते हुए 11 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ 74 रन की शानदार पारी खेली। इस सीजन में अब तक उनके नाम 182 रन हो चुके हैं।
तुलना पर उठे सवाल
तनवीर अहमद के इस बयान के बाद क्रिकेट जगत में बहस छिड़ गई है। कई विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी जल्दी किसी युवा खिलाड़ी की तुलना टीम में अपनी जगह पक्की कर चुके सितारों से करना सही नहीं है। अभिषेक शर्मा जहां ICC T20 रैंकिंग में टॉप बल्लेबाजों में शामिल हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं सूर्यवंशी का करियर अभी शुरुआत में है। फिलहाल, इतना जरूर कहा जा सकता है कि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया है, लेकिन क्या वह इस प्रदर्शन को लंबे समय तक बरकरार रख पाएंगे, यह देखने वाली बात होगी।
यह भी पढ़ें:
VIDEO: ग्लव्स बदलने से रोका, तो अंपायर पर भड़के नितीश राणा, स्टब्स ने गुस्से में पटका हेलमेट