A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026: RCB का स्टार खिलाड़ी पहले मुकाबले से रहेगा बाहर, अभी तक नहीं हो सका पूरी तरह फिट

IPL 2026: RCB का स्टार खिलाड़ी पहले मुकाबले से रहेगा बाहर, अभी तक नहीं हो सका पूरी तरह फिट

RCB vs SRH: आईपीएल 2026 सीजन का पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले आरसीबी को एक बड़ा झटका उनके स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के रूप में लगा है।

Josh Hazlewood And Virat Kohli- India TV Hindi
Image Source : AP जोश हेजलवुड और विराट कोहली

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होगा और पहला मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच में खेला जाएगा। आरसीबी की नजरें सीजन का आगाज जीत के साथ करने पर होगी ताकि टाइटल को डिफेंड करने की तरफ मजबूती से कदम आगे बढ़ाया जा सके। हालांकि सनराइजर्स हैदराबाद टीम के बल्लेबाजी क्रम को देखते हुए उनके लिए ये आसान काम नहीं रहने वाला है, जिसमें उससे पहले आरसीबी के लिए एक बुरी खबर भी सामने आई है जो उनके स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड से जुड़ी हुई है।

SRH के खिलाफ पहला मुकाबला नहीं खेलेंगे जोश हेजलवुड

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने जब 18 साल में पहली बार पिछले सीजन आईपीएल ट्रॉफी को अपने नाम किया था, तो उसमें ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने काफी अहम भूमिका अदा की थी। आईपीएल 2026 का सीजन आगाज होने से पहले जोश हेजलवुड आरसीबी के साथ जुड़ तो गए हैं लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले पहले मुकाबले में खेलने के लिए वह अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं हो सके हैं। आरसीबी टीम के कोच एंडी फ्लावर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जोश हेजलवुड को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में बताया कि वह इस मैच में नहीं खेलेंगे अभी हेजलवुड अपनी चोट से उबर रहे हैं।

नुवान तुषारा को नहीं मिली एनओसी

जोश हेजलवुड के पहले मुकाबले से बाहर होने के साथ आरसीबी के लिए एक और जो बुरी खबर आई है वह श्रीलंकाई तेज गेंदबाज नुवान तुषारा को लेकर है। दरअसल श्रीलंका क्रिकेट ने आईपीएल में हिस्सा लेने वाले अपने खिलाड़ियों को लेकर फिटनेस टेस्ट को अनिवार्य कर दिया था, जिसके बाद उन्हें एनओसी मिलनी थी। इसी को लेकर आरसीबी के स्क्वाड का हिस्सा तेज गेंदबाज नुवान तुषारा फिटनेस टेस्ट को पास नहीं कर सके हैं, जिसके चलते उन्हें एनओसी नहीं मिली है। अब तुषारा 4 से 5 दिन के बाद ही दुबारा अपना फिटनेस टेस्ट दे पाएंगे और उसके बाद ही तय होगा कि वह कब तक आरसीबी के स्क्वाड का हिस्सा बनेंगे।

ये भी पढ़ें

IPL 2026 इन 5 भारतीय खिलाड़ियों के लिए रहेगा बेहद अहम, टीम इंडिया में पहुंचने का खुल सकता है रास्ता

IPL 2026 के पहले ही मैच में भुवनेश्वर कुमार के पास इतिहास रचने का मौका, हासिल करेंगे बड़ा मुकाम

Latest Cricket News