IPL 2026 के आगाज 28 मार्च से होना है, लेकिन कई टीमें चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही हैं। ऐसे में चोटिल खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का आए दिन ऐलान हो रहा है। इसी बीच कोलकाता नाइट राइडर्स यानी KKR और गुजरात टाइटंस यानी GT ने अपने स्क्वॉड में अहम बदलाव करते हुए दो नए खिलाड़ियों को शामिल किया है। IPL ने एक्स पर दोनों खिलाड़ियों के जुड़ने की जानकारी फैंस के साथ शेयर की है।
हर्षित राणा का मिला रिप्लेसमेंट
कोलकाता नाइट राइडर्स ने स्टार तेज गेंदबाज हर्षित राणा की जगह 33 साल के तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को अपनी टीम में शामिल किया है। हर्षित राणा घुटने की चोट के चलते अब तक मैदान पर वापसी नहीं कर सके हैं। हर्षित ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में भी शिरकत नहीं कर पाए थे, क्योंकि T20 WC के आगाज से पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में चोटिल हो गए थे। तब से ही हर्षित चोट से उबरने में लगे हैं।
हर्षित राणा का इस सीजन खेलना मुश्किल माना जा रहा है। ऐसे में KKR ने हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट के तौर पर अनुभवी तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को अपने साथ जोड़ा है। सैनी IPL में अब तक 32 मैचों में 23 विकेट ले चुके हैं, वहीं इंटरनेशनल क्रिकेट में भी उनके नाम 23 विकेट दर्ज हैं। सैनी को KKR ने 75 लाख रुपये में साइन किया है और उनसे डेथ ओवर्स में टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
GT में कुलवंत खेजरोलिया की वापसी
दूसरी ओर गुजरात टाइटंस ने चोटिल पृथ्वीराज यारा की जगह तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया को टीम में शामिल किया है। खेजरोलिया के नाम IPL में 6 विकेट हैं और वह पहले भी GT, KKR और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल चुके हैं। उन्हें 30 लाख रुपये में टीम से जोड़ा गया है। IPL 2026 शुरू होने से पहले ही चोटिल खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या टीमों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। ऐसे में रिप्लेसमेंट खिलाड़ियों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी कि वे टीम की उम्मीदों पर खरे उतरें। अब देखना दिलचस्प होगा कि नवदीप सैनी और कुलवंत खेजरोलिया अपनी गेंदबाजी से कितने असरदार साबित होते हैं।
यह भी पढ़ें
कभी राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा रहे, अब RCB के नए चेयरमैन बने आर्यमन बिड़ला
क्रुणाल पांड्या के नाम है IPL का ये खास रिकॉर्ड, दो फाइनल में कर चुके हैं गजब का कारनामा
Latest Cricket News