IPL 2026 के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम जमकर तैयारी कर रही है। RCB ने 18 साल के बाद पिछले सीजन आईपीएल का खिताब जीता था। RCB को चैंपियन बनाने में वैसे तो पूरी टीम का योगदान रहा था। लेकिन एक खिलाड़ी जिसकी भूमिका सबसे ज्यादा रही वो थे ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या। क्रुणाल पांड्या ने आईपीएल 2025 के फाइनल में मैच विनिंग प्रदर्शन किया था और RCB को खिताबी जीत दिलाई थी। आपको बता दें कि क्रुणाल पांड्या के नाम आईपीएल में एक खास रिकॉर्ड है। ये काम अभी तक उनके अलावा कोई और खिलाड़ी नहीं कर पाया है।
क्रुणाल पांड्या ने दो आईपीएल फाइनल में जीता है POTM अवॉर्ड
क्रुणाल पांड्या एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने अभी तक दो बार आईपीएल के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता है। वह आईपीएल 2017 के फाइनल में भी प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीत चुके थे। उस वक्त क्रुणाल मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा थे। उस सीजन मुंबई इंडियंस ने फाइनल में राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स को हराया था। वहीं पिछले सीजन क्रुणाल ने ये कारनामा RCB के लिए किया था। RCB ने आईपीएल 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को मात दी थी। दोनों ही फाइनल में क्रुणाल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने नाम किया था।
आईपीएल 2017 के फाइनल में कैसा था क्रुणाल का प्रदर्शन?
आईपीएल 2017 का फाइनल एक लो स्कोरिंग मैच था। वहां मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 129 रन बनाए थे। उस मुकाबले में मुंबई को इस स्कोर तक पहुंचाने में क्रुणाल का योगदान काफी ज्यादा था। उन्होंने मुश्किल स्थिति में बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 47 रन की पारी खेली थी। हालांकि उस मैच में गेंदबाजी में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। मुंबई इंडियंस ने उस मैच को एक रन से जीता था।
RCB के लिए आईपीएल 2025 के फाइनल में क्रुणाल ने की थी जबरदस्त गेंदबाजी
आईपीएल 2025 के फाइनल में क्रुणाल पांड्या के प्रदर्शन को लेकर बात करें तो वहां उन्होंने बल्लेबाजी में कुछ खास कमाल नहीं किया था। बैटिंग में वह 5 बॉल में 4 रन बनाने में कामयाब रहे थे। वहीं बॉलिंग में उनका प्रदर्शन जबरदस्त रहा था। गेंदबाजी में उन्होंने चार ओवर में 17 रन देकर दो अहम विकेट अपने नाम किए थे। RCB ने उस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाया था। जवाब में पंजाब किंग्स पूरा ओवर खेलने के बाद 184 रन ही बना सकी और 6 रन से मैच हार गई।
यह भी पढ़ें:
बांग्लादेश टीम में हो सकती है शाकिब अल हसन की वापसी, चीफ सिलेक्टर ने बताया कैसे होगा कमबैक
IPL 2026: चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा रहेंगी खाली, RCB ने इस वजह से लिया ये बड़ा फैसला