IPL 2026 Points Table: IPL 2026 में गुजरात टाइटंस ने शानदार वापसी करते हुए पॉइंट्स टेबल में बड़ी छलांग लगा दी है। जहां एक तरफ शुभमन गिल की दमदार बल्लेबाजी ने टीम को जीत दिलाई, वहीं दूसरी ओर कोलकाता नाइट राइडर्स की हालत लगातार खराब होती जा रही है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हराकर सीजन की तीसरी जीत दर्ज की। 180 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के हीरो रहे कप्तान शुभमन गिल, जिन्होंने 50 गेंदों में 86 रनों की शानदार पारी खेली और लगातार तीसरा अर्धशतक जड़ा।
पॉइंट्स टेबल में हुआ बदलाव
इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस के अब 5 मैचों में 6 पॉइंट हो गए हैं और टीम ने लंबी छलांग लगाते हुए पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर कब्जा कर लिया है। लगातार तीसरी जीत के दम पर गुजरात ने प्लेऑफ की रेस में भी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है। दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। टीम अब तक खेले 6 में से 5 मैच हार चुकी है और पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान यानी 10वें पायदान पर बनी हुई है।
पॉइंट्स टेबल में टॉप-5 टीमों की बात करें तो पंजाब किंग्स पहले पायदान पर है। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दूसरे, राजस्थान रॉयल्स तीसरे पर है। जीत के हैट्रिक के बाद GT छठे से चौथे पायदान पर पहुंच गई है। वहीं, गुजरात की जीत के बाद SRH 5वें जबकि दिल्ली छठे स्थान पर खिसक गई है। लखनऊ 7वें और CSK 8वें पायदान पर है। MI 9वें जबकि KKR आखिरी पायदान पर है।
कैमरन ग्रीन की पारी गई बेकार
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 180 रन बनाए। टीम की ओर से कैमरन ग्रीन ने 55 गेंदों में 79 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का ज्यादा साथ नहीं मिला। पावरप्ले में ही टीम ने 3 विकेट गंवा दिए थे और अंत में आखिरी 6 विकेट सिर्फ 33 रन के भीतर गिर गए। गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा ने 3 विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सिराज और अशोक शर्मा ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में गुजरात टाइटंस ने ठोस शुरुआत की। साई सुदर्शन और शुभमन गिल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई, जिसने टीम को मजबूत आधार दिया। इसके बाद टीम ने बिना ज्यादा दबाव में आए लक्ष्य हासिल कर लिया। गिल की कप्तानी पारी ने जीत को आसान बना दिया। कुल मिलाकर, गुजरात टाइटंस जहां जीत की हैट्रिक के साथ टॉप-4 में पहुंच चुकी है, वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अब हर मुकाबला करो या मरो जैसा हो गया है।
यह भी पढ़ें:
GT vs KKR मैच से पहले टीम को लगा झटका, धाकड़ खिलाड़ी IPL 2026 से बाहर, रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान
RR के मैनेजर रोमी भिंडर को डगआउट में फोन चलाना पड़ा महंगा, BCCI ने सुनाई कड़ी सजा
Latest Cricket News