A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026: ऋषभ पंत से छिनेगी कप्तानी? LSG डायरेक्टर के बयान से मचा हड़कंप

IPL 2026: ऋषभ पंत से छिनेगी कप्तानी? LSG डायरेक्टर के बयान से मचा हड़कंप

लखनऊ सुपर जायंट्स के IPL 2026 से बाहर होने के बाद कप्तान ऋषभ पंत की कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं। इस बीच टीम के ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी का बयान सामने आया है, जिससे पंत की कप्तानी पर खतरा मंडराने लगा है।

Rishabh Pant - India TV Hindi
Image Source : AFP ऋषभ पंत

Rishabh Pant: IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का सफर खत्म होते ही टीम के अंदर बड़े बदलाव की आहट तेज हो गई है। लगातार दूसरे सीजन खराब प्रदर्शन के बाद अब सबसे बड़ा सवाल कप्तानी को लेकर उठने लगा है। टीम मैनेजमेंट के हालिया बयान ने संकेत दे दिए हैं कि आने वाले समय में फ्रेंचाइजी बड़ा फैसला ले सकती है, और इसकी सबसे ज्यादा आंच कप्तान ऋषभ पंत पर पड़ती दिख रही है। लखनऊ सुपर जायंट्स के ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ हार के बाद साफ कहा कि टीम को रीसेट की जरूरत है और कप्तानी समेत हर विभाग की समीक्षा की जाएगी। IPL 2026 में टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और LSG पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले दो स्थानों में शामिल रही। इससे पहले 2025 में भी टीम सातवें स्थान पर रही थी।

पंत का कप्तानी रिकॉर्ड बहुत खराब

ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अब तक 28 मैच खेले हैं, जिनमें सिर्फ 10 जीत मिलीं जबकि 18 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। टॉम मूडी ने माना कि कप्तानी का दबाव पंत की बल्लेबाजी पर भी असर डाल रहा है।मूडी ने पंजाब किंग्स से हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कप्तानी पंत के लिए चुनौतीपूर्ण रही है और नतीजे भी इसे दिखाते हैं। हमें यह भी देखना होगा कि क्या इसका असर उनकी बल्लेबाजी पर पड़ा। इस सीजन हम उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्हें पता है कि यह सीजन हमारे लिए मुश्किल रहा है, लेकिन हम इस पर विचार करेंगे, हम समय लेंगे, हम इस पर सोच-विचार करेंगे। हम सभी बातों पर गौर करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि टीम किसी एक खिलाड़ी को दोष नहीं दे रही, लेकिन हर विभाग की गहराई से समीक्षा की जाएगी और भविष्य को ध्यान में रखते हुए कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से, हम उन उम्मीदों या मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं, जिनकी हम खुद से अपेक्षा करते हैं। और जब फ्रेंचाइजी की लीडरशिप की बात आती है, तो यह निश्चित रूप से एक ऐसा विषय है जिस पर हम बहुत गंभीरता से विचार करेंगे। हम देखेंगे कि भविष्य में इसकी रूपरेखा कैसी होगी। हर दूसरे विभाग की तरह, जब आप किसी सीजन का आकलन करते हैं, तो हम भी कुछ सोच-समझकर फैसले लेंगे, लेकिन ऐसा निश्चित रूप से प्रतीत होता है कि अब हमें एक नए सिरे से शुरुआत करने पर विचार करने की आवश्यकता है।

पंत ने लगातार दूसरे सीजन बल्ले से किया निराश

बल्लेबाजी में भी ऋषभ पंत का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। दिल्ली कैपिटल्स के लिए 2018 और 2019 में विस्फोटक बल्लेबाजी करने वाले पंत LSG के लिए पिछले दो सीजन में सिर्फ 581 रन ही बना सके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट और औसत दोनों उनके करियर रिकॉर्ड से कम रहे।

सीजन के दौरान खुद पंत ने भी इशारों में कहा था कि टीम के लीडरशिप ग्रुप में बहुत ज्यादा लोगों का हस्तक्षेप हैं, जिससे फैसले लेने में परेशानी हो रही है। वहीं हेड कोच जस्टिन लैंगर भी आखिरी मैच के बाद पंत के प्रदर्शन पर निराशा जता चुके हैं। अगर ऋषभ पंत से कप्तानी छीनी जाती है, तो यह LSG में किसी कप्तान का पहला विवादित अंत नहीं होगा। इससे पहले केएल राहुल ने भी टीम छोड़ने के बाद फ्रेंचाइजी के माहौल को लेकर अप्रत्यक्ष नाराजगी जाहिर की थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि IPL 2027 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स किस दिशा में आगे बढ़ती है।

यह भी पढ़ें:

MI vs RR Head to Head: वानखेड़े में आर-पार की जंग, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड में किसका पलड़ा भारी?

शाबाश अर्जुन, बेटे की गेंदबाजी देख गर्व से चौड़ा हुआ पिता सचिन का सीना, लिखी दिल छू लेने वाली बात

Latest Cricket News