बंगाल के 23 साल के क्रिकेटर और आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी अभिषेक पोरेल की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। एक महिला ने उनके ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि अभिषेक ने उससे शादी का झूठा वादा करके मंकुंडू स्थित अपने फ्लैट में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि क्रिकेटर ने उनके निजी पलों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली, उन्हें जबरदस्ती कमरे में बंद रखकर परेशान किया और फोन व सोशल मीडिया के जरिए धमकियां दीं।
कोलकाता हाईकोर्ट ने दिए इस मामले पर सख्त आदेश
कोलकाता हाईकोर्ट ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को अभिषेक पोरेल को तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने पुलिस से कहा है कि क्रिकेटर के फोन और लैपटॉप जैसे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तुरंत जब्त किए जाएं, ताकि किसी भी आपत्तिजनक फोटो या वीडियो को लीक होने से रोका जा सके। जांच के दौरान पुलिस को एक पेन ड्राइव भी मिली है, जिसमें अहम सबूत हो सकते हैं। अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की जाए।
अभिषेक पोरेल ने सभी आरोपों को बताया गलत
अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह से गलत और झूठा बताया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत बेबुनियाद है। फिलहाल, यह मामला मोगरा पुलिस स्टेशन में दर्ज है और पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है। 23 साल के खिलाड़ी ने कहा कि पुलिस की शुरुआती जांच पूरी होने के बाद वह विस्तार से जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि जब पुलिस जांच करेगी, तब मैं इस बारे में बात करूंगा। मैंने अभी तक पुलिस से बात नहीं की है।
आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हैं पोरेल
अभिषेक पोरेल की बात करें तो वह आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा हैं। बाएं हाथ के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज पोरेल 2023 से इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं। पिछले सीजन में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए चार पारियों में 108 रन बनाए थे। उन्होंने 2021-22 सीजन में बंगाल के लिए फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया था और अब तक 32 फर्स्ट-क्लास और 23 लिस्ट-ए मैच खेले हैं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए अब तक वो 35 मैच खेलने में कामयाब रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
शुभमन गिल को सीरीज हार के बाद लगा एक और झटका, आईसीसी अवार्ड जीतने से चूके
इंग्लैंड से हारकर टीम इंडिया को आईसीसी रैंकिंग में भी नुकसान, टॉप की कुर्सी खतरे में पड़ी
Latest Cricket News