1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड से हारकर टीम इंडिया को आईसीसी रैंकिंग में भी नुकसान, टॉप की कुर्सी खतरे में पड़ी

इंग्लैंड से हारकर टीम इंडिया को आईसीसी रैंकिंग में भी नुकसान, टॉप की कुर्सी खतरे में पड़ी

 Published : Jul 20, 2026 02:35 pm IST,  Updated : Jul 20, 2026 02:35 pm IST

टीम इंडिया इंग्लैंड से वनडे सीरीज 1-2 से हार गई है। इसका असर आईसीसी की वनडे रैंकिंग में भी दिख रहा है। हालांकि टीम अभी पहले नंबर की कुर्सी पर ​बरकरार है।

shubman gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : AP

इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला भी टीम इंडिया हार गई है और इसी के साथ सीरीज भी हाथ से चली गई है। इस हार का असर ये हुआ कि अब भारतीय टीम को आईसीसी रैंकिंग में भी नुकसान दिखने लगा है। हालांकि टीम अभी पहले ही नंबर पर काबिज है, लेकिन उसकी रेटिंग में गिरावट हुई है, इसलिए अब टॉप की कुर्सी पर भी खतरा मंडराता हुआ नजर आ रहा है। तथ्य यह भी है कि शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया चार वनडे सीरीज खेल चुकी है, इसमें से केवल एक में जीत मिली है, तीन सीरीज हारी हैं।

भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच था अच्छा खासा अंतर

भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई को खेला गया था। सबसे पहले तो इससे एक दिन पहले यानी 13 जुलाई को दोनों टीमों की रेटिंग और रैंकिंग आईसीसी रैंकिंग में कैसी थी, इस पर नजर डाली जानी चाहिए। 13 जुलाई की रैंकिंग में टीम इंडिया 121 की रेटिंग के साथ पहले नंबर पर थी। वहीं बात अगर इंग्लैंड की करें तो उसकी रेटिंग 89 की थी और टीम आठवें नंबर पर थी। लेकिन जैसे जैसे सीरीज आगे बढ़ी चीजें बदलती चली गईं। 

तीन मैचों की वनडे सीरीज के दो मैच हारकर टीम इंडिया की रेटिंग 121 से घटकर 116 हुई

आज यानी 20 जुलाई की रैंकिंग को देखें तो भारतीय टीम है तो पहले ही नंबर पर, लेकिन उसकी रेटिंग गिरी है, जो 121 से घटकर सीधे 116 की हो चुकी है। इंग्लैंड की रेटिंग जो 89 की थी, वो अब बढ़कर 93 की हो चुकी है और टीम आठवें से सातवें नंबर पर पहुंच गई है। यानी उसे रेटिंग का तो फायदा हुआ ही है, साथ ही रैंकिंग में भी एक स्थान का उछाल मिला है। टीम अब अफगानिस्तान से आगे निकल गई है। 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच भी फासला हुआ अब कम

अब अगर टीम इंडिया के लिए खबरे की बात करें तो जैसा कि हमने आपको पहले ही बताया कि भारत की रेटिंग 116 की है और दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड की टीम है, जिसकी रेटिंग 111 की है। यानी दोनों के बीच केवल पांच अंकों का ही अंतर रह गया है। अब भारतीय टीम सीधे सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी, वहीं न्यूजीलैंड की टीम अभी वेस्टइंडीज से वनडे सीरीज खेल रही है। यानी बहुत जल्द तो नहीं, लेकिन अगर यही हाल रहा तो भारतीय टीम के लिए टॉप की कुर्सी बचाए रखना आसान काम नहीं होगा। टीम को जीत की पटरी पर लौटना होगा, ताकि नंबर वन बनी रहे। 

यह भी पढ़ें 

शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया जीती है केवल एक वनडे सीरीज, चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद हो गया बेड़ा गर्क

टॉस के ही वक्त तय हो गई थी टीम इंडिया की हार, रोहित और कोहली ने लगा दी जान, कप्तान गिल ने डुबोया

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल