A
Hindi News खेल क्रिकेट 41 साल के कप्तान ने रणजी ट्रॉफी में किया बड़ा कारनामा, 10 हजारी क्लब में शामिल होने वाले बने दूसरे प्लेयर

41 साल के कप्तान ने रणजी ट्रॉफी में किया बड़ा कारनामा, 10 हजारी क्लब में शामिल होने वाले बने दूसरे प्लेयर

Ranji Trophy 2025-26: पारस डोगरा ने अपनी कप्तानी में जम्मू और कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। सेमीफाइनल मैच में उन्होंने 11 रन बनाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

Paras Dogra- India TV Hindi Image Source : PTI पारस डोगरा

Paras Dogra Record: जम्मू और कश्मीर के कप्तान 41 साल के पारस डोगरा ने रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट में एक बड़ा कारनामा किया है। वह डोमेस्टिक क्रिकेट के दिग्गज वसीम जाफर के बाद रणजी ट्रॉफी के इतिहास में 10 हजार बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ये उपलब्ध‍ि जारी सीजन के सेमीफाइनल मैच में हासिल की। जम्मू की टीम पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रही और वहां उनका सामना बंगाल की टीम से हो रहा है।

11 रन बनाकर पारस डोगरा ने छुआ 10 हजार का आंकड़ा

सेमीफाइनल मैच में जम्मू & कश्मीर टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। उनकी टीम ने जब 13 रन पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे, तब डोगरा नंबर चार पर बैटिंग के लिए आए। इस मैच में शुभम पुंडीर जल्द ही आउट हो गए, इसके बाद डोगरा को अब्दुल समद का साथ मिला और दोनों ने सेमीफाइनल में बंगाल के खिलाफ 50 रन की अहम पार्टनरशिप की। इस पारी में पारस डोगरा ने 11 रन बनाते ही अपने 10000 रन पूरे कर लिए। वह रणजी ट्रॉफी में 92 साल में 10 हजार रन पार करने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि अपने 147वें मैच में हासिल की। डोगरा से पहले सिर्फ वसीम जाफर (12038 रन) ही रणजी ट्रॉफी में 10 हजार से अधिक रन बना पाए हैं।

रणजी ट्रॉफी में अब तक कैसा रहा है पारस डोगरा का प्रदर्शन?

पारस डोगरा की बात करें तो उन्होंने 2001 में हिमाचल प्रदेश के साथ अपना फर्स्ट-क्लास सफर शुरू किया था। उन्होंने टीम के लिए 95 रणजी ट्रॉफी मैच खेले और 6418 से ज्यादा रन बनाए, जिसमें 19 शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। इसके बाद वह 2018 में पुडुचेरी की टीम में शामिल हुए। वहां वह टीम के लिए पहले शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने और पांच सीजन में 11 शतक लगाए। 2024-25 सीजन से पहले वह जम्मू और कश्मीर की टीम में शामिल हुए और वहां उन्हें टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। पारस रणजी के जारी सीजन में लगभग 500 रन बना चुके हैं और जम्मू और कश्मीर के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

बंगाल और जम्मू के बीच खेले जा रहे मैच का हाल

जम्मू-कश्मीर और बंगाल के बीच खेले जा रहे सेमीफाइनल मैच की बात करें तो वहां जम्मू के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बंगाल की टीम पहली पारी में 328 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में जम्मू और कश्मीर की टीम 5 विकेट के नुकसान पर 198 रन बना चुकी है। पारस डोगरा ने पहली पारी में 112 गेंदों में 58 रन बनाए।

यह भी पढ़ें

राशिद खान ने टी20 फॉर्मेट में बनाया नया कीर्तिमान, इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ना नहीं होगा किसी के लिए आसान

IND vs PAK: ईशान किशन और जसप्रीत बुमराह नहीं, किसे मिला इम्पैक्ट प्लेयर का अवार्ड, सामने आया ड्रेसिंग रूम का VIDEO

Latest Cricket News