Rashid Khan Record: अफगानिस्तान के दिग्गज लेग स्पिनर और कप्तान राशिद खान की गिनती दुनिया के बेहतरीन टी20 गेंदबाजों में की जाती है। उन्होंने टी20 फॉर्मेट में एक नया कीर्तिमान बनाया है। वह इस फॉर्मेट में 700 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने हैं। ये उपलब्धि उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में यूएई के खिलाफ मैच में हासिल की। इस मैच में उन्होंने एक विकेट लिया, उन्होंने मुहम्मद अरफान को आउट किया। इसके साथ ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। इससे पहले किसी गेंदबाज ने टी20 फॉर्मेट में 700 विकेट लेने का कारनामा नहीं किया था।
टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात करें तो वहां राशिद खान के बाद दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो का नाम है। ब्रावो ने इस फॉर्मेट में 582 मैचों में 631 विकेट लिए थे। इसके बाद ब्रावो के ही साथी खिलाड़ी सुनील नरेन इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर है। उन्होंने 583 मैचों में 613 विकेट निकाले हैं। साउथ अफ्रीका के इमरान ताहिर 572 विकेट के साथ चौथे नंबर पर हैं। वहीं नंबर पांच पर वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर आंद्रे रसल का नाम है। उनके खाते में 508 विकेट दर्ज हैं। ये सभी खिलाड़ी टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। इनमें से अब किसी के लिए भी राशिद खान के इस रिकॉर्ड को तोड़ना आसान नहीं होने वाला है।
अफगानिस्तान के राशिद खान ने 2015 में टी20 फॉर्मेट में अपना डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 518 मैचों की 513 टी20 पारियों में 18.5 के औसत और 6.59 के इकॉनमी रेट के साथ 700 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उन्होंने 18 बार 4 विकेट लेने का कमाल किया, जबकि 4 बार उन्होंने 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वह इस फॉर्मेट के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं। राशिद खान के नाम टी20 इंटरनेशनल में भी सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड है। T20I में अब तक वह 191 विकेट ले चुके हैं।
अफगानिस्तान और यूएई के बीच खेले गए मैच की बात करें तो वहां राशिद की कप्तानी में अफगानिस्तान की शानदार गेंदबाजी के सामने यूएई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाने में कामयाब रही। यूएई के लिए सोहेब खान ने 48 गेंदों में 68 रनों की पारी खेली, जबकि शराफू ने 31 गेंदों में 40 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने यूएई को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने का काम किया। अफगानिस्तान ने इस टारगेट को 19.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस मैच में अजमतुल्लाह ओमरजई को उनकी शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।
यह भी पढ़ें
PCB चीफ कम नौटंकी कंपनी ज्यादा, मोहसिन नकवी के कार्यकाल में 6 बार पाकिस्तान ने भारत से मुंह की खाई
संपादक की पसंद