Monday, February 16, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. PCB चीफ कम नौटंकी कंपनी ज्यादा, मोहसिन नकवी के कार्यकाल में 6 बार पाकिस्तान ने भारत से मुंह की खाई

PCB चीफ कम नौटंकी कंपनी ज्यादा, मोहसिन नकवी के कार्यकाल में 6 बार पाकिस्तान ने भारत से मुंह की खाई

Written By: Abhishek Pandey @anupandey29 Published : Feb 16, 2026 12:40 pm IST, Updated : Feb 16, 2026 12:42 pm IST

IND vs PAK: पाकिस्तान को भारतीय टीम के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मिली हार के बाद उनके खिलाड़ियों के साथ पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी को भी काफी सुनाया जा रहा है, जिसमें उनके कार्यकाल में छठी बार पाकिस्तानी टीम को भारत से हार का सामना करना पड़ा है।

Mohsin Naqvi And Pakistan Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AP मोहसिन नकवी और पाकिस्तानी क्रिकेट टीम।

पाकिस्तान क्रिकेट टीम और उनका बोर्ड खेल के मैदान से बाहर बाकी सारी चीजों के लिए पूरे वर्ल्ड क्रिकेट में चर्चा का विषय बना रहता है। पिछले कुछ सालों में जब से पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड के चीफ का पद मोहसिन नकवी ने संभाला है उसके बाद से इन हरकतों में काफी इजाफा देखने को मिला है। इसकी सबसे बड़ी वजह खुद पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ही हैं जो किसी नौटंकी कंपनी से कम नहीं हैं। उनके कार्यकाल में अभी तक सिर्फ बातों से ही सारे तीर मारने की कोशिश की गई, जबकि मैदान पर पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन ऐसा देखने को मिला है जैसा किसी एसोसिएट देश का देखने को मिलता है। पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी के कार्यकाल में पाकिस्तानी टीम ने जब-जब अभी तक भारत के खिलाफ मुकाबला खेला है उससे पहले उन्होंने किसी तरह का रायता फैलाने की कोशिश ना की हो ऐसा बिल्कुल भी देखने को नहीं मिला है, लेकिन इससे उनकी टीम का ही सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जिसमें हर बार पाकिस्तानी टीम को मुंह की खानी पड़ी है।

मोहसिन के कार्यकाल में 6 बार पाकिस्तान ने टीम इंडिया से खेला मैच

मोहसिन नकवी ने जब से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ का पद संभाला है उसके बाद से जब-जब पाकिस्तानी टीम को भारत के खिलाफ खेले गए मुकाबले में हार मिली है उन्होंने क्रिकेट स्ट्रक्चर में बड़े बदलाव का ऐलान जरूर किया है। हालांकि इसका कोई बड़ा असर देखने को नहीं मिलता है, जिसमें ज्यादा से ज्यादा पाकिस्तानी टीम के कप्तान और कोचिंग स्टाफ को चेंज कर दिया जाता है और बाकी की चीजें वैसी की वैसी बनी रहती है। नकवी के कार्यकाल में जब पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में न्यूयॉर्क के मैदान पर मैच खेला था, तो उसमें पाकिस्तानी टीम को 6 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इस इवेंट में पाकिस्तानी टीम ने यूएसए के खिलाफ भी हार का सामना किया था, जिसके बाद वह ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी।

चैंपियंस ट्रॉफी से शुरू हुई मोहसिन की नौटंकी

साल 2025 की शुरुआत में खेली गई आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पाकिस्तान को मिली थी, जिसमें भारत की तरफ से ये साफ कर दिया गया था कि टीम इंडिया अपने मैच खेलने वहां नहीं जाएगी। इसके बाद नकवी ने टूर्नामेंट के मैच दुबई शिफ्ट ना हों इसके लिए काफी जोर लगा दिया लेकिन आखिर में उन्हें आईसीसी और बीसीसीआई के आगे झुकना पड़ा। टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में ना सिर्फ अपने मैच दुबई के स्टेडियम में खेले बल्कि ट्रॉफी भी जीतने में कामयाब रहे थे। इस टूर्नामेंट में भी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया था, जिसे टीम इंडिया 6 विकेट से जीतने में कामयाब रही थी।

एशिया कप में फैलाया खूब रायता, ट्रॉफी भी चोरी कर भागे

मोहसिन नकवी का असली रंग साल 2025 के एशिया कप में देखने को मिला, जिसमें भारतीय टीम ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद हुए इस टूर्नामेंट से पाकिस्तानी टीम के प्लेयर्स से हाथ ना मिलाने की नीति को अपनाया था। इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल सहित कुल तीन मुकाबले खेले गए थे, जिसमें पहले मैच को जब टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीता तो पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने हाथ मिलाने की कोशिश की लेकिन टीम इंडिया ने उन्हें पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया। इस घटना के बाद पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी काफी ज्यादा खिसियाए हुए नजर आए जिसमें उन्होंने आईसीसी तक दौड़ लगा दी कि टीम इंडिया को हैंडशेक करना पड़ेगा। हालांकि वह अपना पूरा दम लगाने के बावजूद भी कुछ हासिल नहीं कर सके। टीम इंडिया ने सुपर-4 में भी पाकिस्तान को 6 विकेट मात देने के साथ उनके प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया था।

एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में भी टीम इंडिया की भिड़ंत पाकिस्तान से हुई थी, जिसको भारतीय टीम ने जीतने से पहले ही साफ कर दिया गया था कि पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी जो एशियन क्रिकेट काउंसिल के भी प्रमुख का पद संभाल रहे थे, उनके हाथों से ट्रॉफी नहीं लेंगे। फाइनल मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को जब 5 विकेट से रौंदा तो उसके बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी काफी देर से शुरू हुई जहां टीम इंडिया को ट्रॉफी नहीं मिली क्योंकि मोहसिन नकवी उसे मैदान से लेकर भाग गए थे।

टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की आड़ लेकर मचाया बायकॉट का हंगामा

भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में आईसीसी ने बांग्लादेश को भारत में अपनी टीम नहीं भेजने के फैसले के बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया। आईसीसी के इस फैसले को लेकर पीसीबी ने ऐसी हरकत शुरू की जैसा कि बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना हो जाता है। पाकिस्तान को जहां अपने सारे मैच श्रीलंका में खेलने हैं तो उन्होंने भारत के खिलाफ 15 फरवरी के मैच को लेकर बायकॉट करने का हंगामा मचाना शुरू किया, जिसमें वहां की सरकार भी शामिल हो गई। इसमें पाकिस्तानी पीएम ने अपनी टीम को आदेश दिया कि वह टीम इंडिया के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करें।

पीसीबी की इस हरकत को लेकर सभी को ये पक्का पता था कि वह मुकाबले की तारीख नजदीक आने पर अपने फैसले से यूटर्न लेंगे और जब आईसीसी ने उन्हें जुर्माने से लेकर अलग-अलग प्रतिबंधों के बारे में जानकारी दी तो तुरंत पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने टीम इंडिया के खिलाफ होने वाले इस मैच को लेकर अपनी टीम को खेलने का आदेश दे दिया। हालांकि इसका कोई उन्हें खास फायदा नहीं पहुंचा क्योंकि भारतीय टीम ने एकबार फिर से पाकिस्तान को जोरदार पटखनी देते हुए 61 रनों से मैच को अपने नाम कर लिया।

ये भी पढ़ें

IND vs PAK: पाकिस्तानी टीम को घुटने टेकते देख स्टेडियम से चोरों की तरह भागे मोहसिन नकवी, सामने आया VIDEO

IND vs PAK: टीम इंडिया से मिली हार तो पाकिस्तानी ड्रेसिंग रूम में छाया मातम, कोच ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खोल दी सारी पोल पट्टी

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement