1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. दही वड़ा बनाते वक्त हर कोई कर जाता है ये गलती, इस ट्रिक से बनाएंगे तो फूलकर डबल हो जाएंगे

दही वड़ा बनाते वक्त हर कोई कर जाता है ये गलती, इस ट्रिक से बनाएंगे तो फूलकर डबल हो जाएंगे

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Feb 16, 2026 12:14 pm IST,  Updated : Feb 16, 2026 12:19 pm IST

Soft Dahi Vada Making Tips: त्योहार पर घर में दही वड़ा जरूर बनता है। खट्टी मीठी चटनी के साथ दही वड़ा का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। हालांकि दही वड़ा बनाने वक्त लोग एक गलती कर जाते हैं जिससे वो बाजार जितने मुलायम नहीं बनते हैं।

मुलायम दही वड़ा बनाने के टिप्स- India TV Hindi
मुलायम दही वड़ा बनाने के टिप्स Image Source : INDIA TV

दही वड़ा खाने में बहुत टेस्टी लगते हैं। होली दिवाली पर ज्यादातर घरों में दही वड़ा बनाए जाते हैं। लेकिन कुछ लोगों के दही वड़ा बाजार जैसे मुलायम नहीं बनते हैं। इसका कारण दही वड़ा बनाते वक्त कुछ लोग एक छोटी सी गलती कर देते हैं। जिससे दही वड़ा उतने नहीं फूलते जितने मार्केट में मिलने वाले वड़े फूल जाते हैं। आज हम आपको उसी गलती के बारे में बता रहे हैं। साथ ही दही वड़ा बनाते वक्त किन छोटी-छोटी बातों का आपको ध्यान रखना चाहिए, जिससे दही वड़ा एकदम रूई जैसे मुलायम बनें और मुंह में जाते ही घुल जाएं।

दही वड़ा बनाते वक्त न करें ये गलती

पहला स्टेप- दही वड़ा बनाने के लिए आपको उड़द की दाल लेनी है। इसके लिए आप 2 कप बिना छिलके वाली धुली उड़द की दाल को पानी से धोकर रातभर के लिए भिगो दें। सुबह दाल से सारा पानी निकाल दें और साफ पानी से दाल को अच्छी तरह से धो लें। अब मिक्सी के जार में दाल डालें और पीस लें। अगर दाल पिसने में परेशानी हो रही है तो 1-2 चम्मच पानी मिला दें। सारी दाल को ऐसे ही पीसकर पेस्ट बना लें।

दूसरा स्टेप- अब दाल को किसी चौड़े बर्तन में रखें और इसमें जीरा, काली मिर्च और बहुत थोड़ा नमक डालकर अच्छी तरह से फेंट लें। दाल को फेंटते वक्त ध्यान रखें कि आपको एक तरफ ही दाल तो घुमाना है। इससे दाल अच्छी तरह से फेंट जाएगी। दाल फेंट ली गई है या नहीं इसे चेक करने के लिए कटोरी में पानी डालें और इसमें एक मोटी बूंद जितना बैटर डाल दें। अगर बैटर पानी के ऊपर आ गया और तैरने लगा तो समझ लें दाल अच्छी तरह से फेंट गई है। 

तीसरा स्टेप- अब इसमें बड़ी आधा चम्मच बेकिंग पाउडर या सोडा डाल दें। और एक बार मिक्स करके दाल के बैटर को 10 मिनट के लिए कवर करके रख दें। अब यहीं लोग गलती कर बैठते हैं कि दाल को वड़ा बनाने से पहले फिर से फेंट देते हैं। आपको ऐसा नहीं करना है।

चौथा स्टेप- कड़ाही में तेल गर्म करें और सेट होने रखी दाल से बिना फेंटे ही एक एक वड़ा कड़ाही में डालते जाएं। इससे दही वड़ा एकदम फूले-फूले और बहुत ही मुलायम बनेंगे। इस तरह बहुत कम मेहनत में आपके बाजार से भी टेस्टी दही वड़ा बनकर तैयार हो जाएंगे। अच्छी तरह से सेंकने के बाद वड़ा को गुनगुने पानी में भिगो दें। जब वड़ा फूल जाएं तो पानी से निचोड़कर निकाल लें। ऊपर से दही, हरी चटनी, मीठी चटनी, चाट मसाला, भुना जीरा और लाल मिर्च डालकर सर्व करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल