श्रीलंका क्रिकेट टीम को 8 अक्टूबर को उस समय एक बड़ा झटका लगा जब टेस्ट कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने अचानक इस जिम्मेदारी को छोड़ने का ऐलान कर दिया। श्रीलंका क्रिकेट टीम को अगले महीने पाकिस्तान के दौरे पर 2 मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलनी है और ऐसे में उससे पहले धनंजय के इस फैसले ने सभी को चौंका दिया। वहीं अब श्रीलंका क्रिकेट ने नए कप्तान का ऐलान करने में अधिक समय नहीं लगाया और अनुभवी खिलाड़ी कुसल मेंडिस को यह जिम्मेदारी सौंपी है। धनंजय ने साल 2024 के अगस्त महीने में श्रीलंका टीम की टेस्ट में कप्तानी संभाली थी जिसके बाद 18 मुकाबलों में उन्होंने इस जिम्मेदारी को निभाया और अब भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह पद छोड़ने का फैसला लिया है।
पहली बार टेस्ट में कप्तानी संभालेंगे कुसल मेंडिस
कुसल मेंडिस जिनको टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है उनकी गिनती अनुभवी खिलाड़ियों में की जाती है। मेंडिस जो वनडे और टी20 फॉर्मेट में श्रीलंकाई टीम की कप्तानी को संभाल चुके हैं वह पहली बार टेस्ट में इस जिम्मेदारी को संभालेंगे। कुसल मेंडिस ने 22 वनडे मैचों में श्रीलंकाई टीम की कप्तानी की है जिसमें से 10 में टीम को जीत मिली तो वहीं 10 में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा 3 टी20 मैचों में बतौर कप्तान मेंडिस सिर्फ एक मुकाबला जीतने में कामयाब रहे और दो में हार का सामना किया है। ऐसे में उनके लिए टेस्ट फॉर्मेट में राह बिल्कुल भी आसान नहीं रहने वाली हैं, जिसमें वह अपनी इस नई जिम्मेदारी का आगाज पाकिस्तान के दौरे पर 9 नवंबर से खेली जाने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ करेंगे।
अब तक टेस्ट में ऐसा रहा है कुसल मेंडिस का प्रदर्शन
टेस्ट फॉर्मेट में श्रीलंकाई टीम की कप्तानी संभालने वाले कुसल मेंडिस का बल्ले से अब तक शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 75 मुकाबलों में खेलते हुए 36.36 के औसत से 4836 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 10 शतकीय और 23 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा संस्करण में श्रीलंकाई टीम अभी 7वें नंबर पर है, जिसमें उसके 6 मैचों में सिर्फ एक जीत और 2 हार हैं जबकि तीन मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए हैं। ऐसे में श्रीलंकाई टीम के अंकों का प्रतिशत जहां 33.33 का है तो उनके लिए फाइनल में पहुंचने की राह भी अब काफी लग रही है।
ये भी पढ़ें
रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में उतरेगी भारतीय टीम, ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही मैच में दी थी बड़ी हार
WTC अंक तालिका में फिर मचेगी उथल पुथल, टॉप 2 टीमों के बीच होने जा रही है टक्कर
Latest Cricket News