साउथ अफ्रीका के कप्तान ने बनाया नया रिकॉर्ड, ऐसा करने वाली बनीं पहली खिलाड़ी
Laura Wolvaardt: महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में साउथ अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना कर रही है। इस मैच में अफ्रीकी टीम की कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए वनडे क्रिकेट में 5000 रन पूरे किए।
Laura Wolvaardt Completes 5000 ODI Runs: महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का पहला सेमीफाइनल मैच साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में साउथ अफ्रीका की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है और पहले बैटिंग करते हुए उनकी टीम को कप्तान लौरा वोल्वार्ट और तैजमिन ब्रिट्स की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई है। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक ठोका है। इस पारी के दौरान उन्होंने वनडे क्रिकेट में नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
लौरा वोल्वार्ट ने वनडे क्रिकेट में पूरे किए 5000 रन
लौरा वोल्वार्ट ने इस पारी के दौरान अपने वनडे करियर में 5000 रन पूरे किए। ऐसा करने वाली वह साउथ अफ्रीका की पहली और दुनिया की छठी खिलाड़ी बनी हैं। वनडे क्रिकेट में 5000 रन बनाने वाली वह दुनिया की सबसे युवा महिला क्रिकेटर बनी हैं। उन्होंने 26 साल और 186 दिन में यह उपलब्धि हासिल की। वह पारी के आधार पर 5000 रन बनाने वाली दुनिया की दूसरी सबसे तेज महिला बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने 117 पारियों में 5000 रन पूरे किए। यह रिकॉर्ड स्मृति मंधाना के नाम है, उन्होंने 112 पारियों में 5000 रन पूरे किए थे।
आपको बता दें कि लौरा वोल्वार्ट गेंदों के आधार पर 5000 वनडे रन बनाने वाली तीसरी सबसे तेज महिला बल्लेबाज हैं। उन्होंने 6832 गेंदों में यह कारनामा किया था। गेंदों के आधार पर सबसे तेज 5000 रन बनाने का रिकॉर्ड स्मृति मंधाना के नाम है, उन्होंने 5569 गेंदों में यह कारनामा किया था। वहीं दूसरे नंबर पर सूजी बेट्स का नाम है, उन्होंने 6182 गेंदों में यह कारनामा किया था।
अर्धशतक नहीं लगा पाई तैजमिन ब्रिट्स
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका को इस मैच में शानदार शुरुआत मिली है। कप्तान लौरा वोल्वार्ट और तैजमिन ब्रिट्स के बीच पहले विकेट के लिए 116 रन की पार्टनरशिप हुई। टीम को पहला झटका तैजमिन ब्रिट्स के रूप में लगा, वह 65 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हुई। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने छह चौके और एक छक्का लगाया। उनका विकेट सोफी एक्लेस्टोन ने लिया। अब देखना ये होगा कि यहां से साउथ अफ्रीका की टीम इंग्लैंड के सामने कितना बड़ा टारगेट रखती है।
यह भी पढ़ें
सूर्यकुमार यादव ने छुआ एक और मुकाम, रोहित शर्मा के बाद ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज
एशेज सीरीज से पहले इस खिलाड़ी ने ठोका धमाकेदार शतक, इंग्लैंड के खेमे में बढ़ी टेंशन
