ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज की शुरुआत 21 नवंबर से होने वाली है। इस सीरीज की शुरुआत से पहले ऑस्ट्रेलिया के प्लेयर्स इन दिनों शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत होने से पहले ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में न्यू साउथ वेल्स के लिए बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक लगाया है। उन्होंने क्वींसलैंड के खिलाफ मैच में 118 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
एशेज सीरीज के पहले मैच में स्टीव स्मिथ करेंगे कप्तानी
स्टीव स्मिथ क्वींसलैंड के खिलाफ इस मैच में चार नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए आए थे। अपनी इस पारी में उन्होंने 176 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 20 चौके और एक छक्के की मदद से 118 रन की पारी खेली। इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 67.05 का था। एशेज सीरीज के पहले मैच में उनके कंधों पर एक और बड़ी जिम्मेदारी होगी। इस टेस्ट मैच में वह कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। दरअसल पैट कमिंस पहले मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं, जो ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के नियमित कप्तान हैं। उनकी गैरमौजूदगी में अब स्मिथ कप्तानी करते हुए नजर आ सकते हैं। ऐसे में स्टीव स्मिथ के इस शतक से इंग्लैंड के खेमे में टेंशन जरूर बढ़ी होगी।
स्मिथ और पीटरसन के बीच हुई 202 रन की साझेदारी
इस मैच में स्टीव स्मिथ तब बल्लेबाजी के लिए उतरे जब टीम को अच्छी शुरुआत मिल चुकी थी। जब वह बैटिंग के लिए आए तब टीम का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 116 रन था। तीसरे विकेट के लिए स्टीव स्मिथ और कर्टिस पीटरसन के बीच 202 रनों की साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचा दिया था। इसी बीच स्मिथ ने अपना शतक पूरा किया और आउट हो गए। पीटरसन ने भी इस बीच शतक पूरा किया और दिन का खेल खत्म होने तक नाबाद रहे।
सैम कोंस्टास एक बार फिर हुए फ्लॉप
आपको बता दें कि साउथ वेल्स के लिए इस मैच में सैम कोंस्टास बैटिंग करने के लिए उतरे थे। लेकिन वह यहां भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। कोंस्टास 10 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। ऐसे में अब वह कुछ समय तक टेस्ट टीम में जगह नहीं बना पाएंगे। बता दें कि उन्होंने अपने डेब्यू मैच में उन्होंने खतरनाक बल्लेबाजी कर सभी का दिल जीता था, लेकिन इसके बाद से लगभग हर पारी में वे बुरी तरह से फ्लॉप रहे हैं और घरेलू क्रिकेट में भी उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे, जो उनके लिए चिंता का विषय है। ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट में इस वक्त एक ओपनर की तलाश है, लेकिन वहां जगह बनाने के लिए कोंस्टास को घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने होंगे।
यह भी पढ़ें
ICC Rankings: रोहित शर्मा का बहुत बड़ा धमाका, रैंकिंग में नंबर वन बल्लेबाज, शुभमन गिल को नुकसान
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बीच टीम इंडिया को बहुत बड़ा झटका, ये खिलाड़ी 3 मैच से बाहर