1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. क्रिकेट में गजब संयोग, मैच की दोनों पारियों में गेंद और रन बराबर, 44 पारियों से नहीं आई सेंचुरी

क्रिकेट में गजब संयोग, मैच की दोनों पारियों में गेंद और रन बराबर, 44 पारियों से नहीं आई सेंचुरी

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे टेस्ट में अजब का संयोग सामने आया, जब मार्नस लाबुशेन दोनों पारियों में बराबर गेंद खेलकर और उतने ही रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि उन्हें आउट करने वाले गेंदबाज अलग अलग रहे।

marnus labuschagne- India TV Hindi
Image Source : GETTY मार्नस लाबुशेन

क्रिकेट की दुनिया में अक्सर संयोग होते रहते हैं, लेकिन इसमें से कुछ ऐसे होते हैं, जो याद रह जाते हैं। अब ऐसा ही एक संयोग हुआ है ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन के साथ। टेस्ट मैच की दोनों ​पारियों में उन्होंने बराबर गेंद खेलीं और उतने ही रन बनाए और आउट हो गए। हालांकि उनके बल्ले से बड़ी पारी फिर नहीं आई और वे एक छोटी पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। उनके शतक का इंतजार लगातार बढ़ता ही जा रहा है।

मार्नस लाबुशेन ने टेस्ट की दोनों पारियों में 58 बॉल पर बनाए 37 रन

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच डरबन में खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में मार्नस लाबुशेन ने 58 बॉल का सामना किया और 37 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने छह चौके लगाए। साउथ अफ्रीका कि वियान मुल्डर ने उन्हें चलता किया। इसके बाद जब वे दूसरी पारी में खेलने आए तो यहां भी 58 बॉल पर 37 रन बनाए और चलते बने। इस बार उन्होंने चार चौके लगाए। दूसरी पारी में उन्हें केशव महाराज ने चलता किया। 

पिछली 44 पारियों से नहीं आया है लाबुशेन का टेस्ट शतक

इसका मतलब ये हुआ कि मार्नस लाबुशेन ने दोनों पारियों में बराबर की गेंदें खेली और उतने ही रन बनाकर आउट हो गए। हां, इतना जरूर अलग हुआ, उन्हें आउट करने वाला गेंदबाज अलग अलग था। इस बीच मार्नस लाबुशेन से जो लंबी पारी की उम्मीद की जा रही है, वो अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। पिछली 44 पारियों से उन्होंने कोई शतक नहीं लगाया है। जो उनके खुद के लिए और ऑस्ट्रेलिया के लिए चिंता की बात है। 

साल 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ लगाई थी आखिरी टेस्ट सेंचुरी

साल 2018 में अपना टेस्ट डेब्यू करने वाले मार्नस लाबुशेन ने अपना आखिरी टेस्ट शतक साल 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ लगाया था, उसके बाद से वे सेंचुरी के लिए तरस रहे हैं। हालांकि बीच में उनके बल्ले से 50 प्लस रन की पारियां आईं, लेकिन उसे वे सेंचुरी में तब्दील नहीं कर पा रहे हैं। ये बात और है कि इसके बाद भी ऑस्ट्रेलियाई टीम की ओर से उन्हें लगातार मौके दिए जा रहे हैं। देखना होगा कि पहले उन्हें टीम से बाहर किया जाता है या फिर शतक आ जाता है। 

यह भी पढ़ें 

करीब दस साल बाद टेस्ट टीम में वापसी, लेकिन ​फिर भी फ्लॉप, पहली पारी में तो डक पर आउट

सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड टूटने की कगार पर, अभिषेक शर्मा बनेंगे नए सिक्सर किंग

Latest Cricket News