ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20 सीरीज से पहले न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम को दो अनुभवी पूर्व क्रिकेटरों का साथ मिला है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने 8 अक्टूबर को ये जानकारी दी। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल और ऑलराउंडर आंद्रे एडम्स ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा होंगे। दोनों अंतरिम हेड कोच डीन ब्राउनली के साथ काम करेंगे। गप्टिल नियमित असिस्टेंट कोच क्रेग मैकमिलन की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे। मैकमिलन की हाल ही में पीठ की सर्जरी हुई है और वह फिलहाल उससे उबर रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में गप्टिल टीम के साथ विशेषज्ञ बल्लेबाजी और फील्डिंग सपोर्ट के तौर पर जुड़ेंगे।
मार्टिन गप्टिल टीम से जुड़ने को लेकर उत्साहित
न्यूजीलैंड के लिए 2009 से 2022 तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले गप्टिल का अनुभव टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में 367 मुकाबले खेले हैं। महिला टीम के साथ काम करने को लेकर उत्साहित गप्टिल ने कहा कि वह न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम से जुड़ने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ काम करने का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं, आंद्रे एडम्स अंतरिम मुख्य कोच डीन ब्राउनली के सहायक की भूमिका निभाएंगे। ओटागो वोल्ट्स के सहायक कोच एडम्स इससे पहले भी न्यूजीलैंड महिला टीम के साथ काम कर चुके हैं। वह 2017 और 2023 में टीम के साथ दौरे पर गए थे। हाल ही में उन्होंने महिला हंड्रेड में बर्मिंघम फीनिक्स के साथ भी कोचिंग की है।
न्यूजीलैंड के लिए 2001 से 2007 के बीच 47 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले एडम्स ने कहा कि न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम के साथ दोबारा जुड़ना उनके लिए खास है। उन्होंने कहा कि टीम के साथ पहले काम करने के कारण वह जानते हैं कि यह कितना खास माहौल है और खिलाड़ी व सपोर्ट स्टाफ न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व करने को कितना महत्व देते हैं।
अंतरिम हेड कोच की भूमिका में डीन ब्राउनली
डीन ब्राउनली को फिलहाल केवल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस तीन मैचों की T20 सीरीज के लिए म बनाया गया है। लंबे समय तक इस पद पर रहे बेन सॉयर ने सितंबर में न्यूजीलैंड क्रिकेट की महिला हाई-परफॉर्मेंस संरचना की समीक्षा के बाद अपना पद छोड़ दिया था। न्यूजीलैंड की टीम 12 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होगी। दोनों देशों के बीच T20 मुकाबले 18, 20 और 22 अक्टूबर को नॉर्थ सिडनी ओवल में खेले जाएंगे। इससे पहले 25 अक्टूबर को टीम गवर्नर-जनरल इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगी।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए न्यूजीलैंड महिला टीम: अमेलिया केर (कप्तान), ईडन कार्सन, फ्लोरा डेवोनशायर, मैडी ग्रीन, ब्रुक हॉलिडे, ब्री इलिंग, पॉली इंग्लिस (विकेटकीपर), बेला जेम्स, जेस केर, रोजमेरी मैयर, नैंसी पटेल, मौली पेनफोल्ड, जॉर्जिया प्लिमर, हन्ना रो और इजी शार्प।
यह भी पढ़ें:
रेप केस में जमानत मिलते ही अभिषेक पोरेल की बंगाल टीम में वापसी, मोहम्मद शमी और आकाश दीप को भी मिला मौका
वैभव सूर्यवंशी को 17 खिलाड़ियों में नहीं मिली जगह, स्क्वाड के साथ नए हेड कोच का भी हुआ ऐलान
Latest Cricket News