1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बड़ा ऐलान! विशाखापत्तनम स्टेडियम में मिताली राज और रवि कल्पना के नाम पर बनेगा स्टैंड

बड़ा ऐलान! विशाखापत्तनम स्टेडियम में मिताली राज और रवि कल्पना के नाम पर बनेगा स्टैंड

एसीए-वीडीसीए विशाखापत्तनम क्रिकेट स्टेडियम में दो स्टैंड का नाम भारत की दिग्गज महिला क्रिकेटर मिताली राज और रवि कल्पना के नाम पर रखा जाएगा।

Mithali raj- India TV Hindi
Image Source : PTI मिताली राज

भारतीय महिला क्रिकेट की दो दिग्गज खिलाड़ियों को बड़ा सम्मान देने का फैसला किया गया है। पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज और विकेटकीपर-बल्लेबाज रवि कल्पना के नाम पर अब एसीए-वीडीसीए विशाखापट्टनम क्रिकेट स्टेडियम में दो स्टैंड का नाम रखा जाएगा। इन स्टैंड्स का अनावरण 12 अक्टूबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले महिला वनडे वर्ल्ड कप मैच से ठीक पहले किया जाएगा।

यह फैसला तब लिया गया जब भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना ने अगस्त में आयोजित ‘ब्रेकिंग द बाउंड्रीज़’ कार्यक्रम के दौरान आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री नारा लोकेश से यह सुझाव साझा किया। मंधाना के प्रस्ताव को तुरंत स्वीकार करते हुए मंत्री ने आंध्र क्रिकेट संघ (ACA) से चर्चा की, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया कि महिला क्रिकेट की इन महान हस्तियों को उनके योगदान के लिए बड़ा सम्मान दिया जाए।

मंधाना के सुझाव पर सरकार ने किया अमल

ACA ने अपने बयान में कहा कि मिताली राज और रवि कल्पना को यह सम्मान देना भारतीय महिला क्रिकेट की उन दिग्गज खिलाड़ियों के प्रति आभार है जिन्होंने खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और अगली पीढ़ी को बड़े सपने देखने की प्रेरणा दी। मंत्री नारा लोकेश ने भी कहा कि स्मृति मंधाना का सुझाव जनता की भावना को दर्शाता है। इस विचार को तुरंत अमल में लाना लैंगिक समानता और महिला क्रिकेट की अग्रणी खिलाड़ियों को सम्मान देने के प्रति हमारे समर्पण को दिखाता है।

मिताली राज भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे सफल बल्लेबाज मानी जाती हैं। उन्होंने अपने करियर में 12 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 1 शतक और 4 अर्धशतकों के साथ 699 रन बनाए। इसके अलावा, उन्होंने 232 वनडे मुकाबलों में 7 शतकों और 64 अर्धशतक की मदद से 7805 रन बनाए। उन्होंने 89 T20 मुकाबले भी खेले और 2364 रन अपने नाम किए। 

रवि कल्पना ने खेले 7 ODI

वहीं, रवि कल्पना, जिन्होंने 2015 से 2016 के बीच भारत के लिए 7 वनडे मैच खेले, आंध्र प्रदेश की उन खिलाड़ियों में से हैं जिन्होंने अपने प्रदर्शन और संघर्ष से कई युवा क्रिकेटरों जैसे अरुंधति रेड्डी, एस मेघना और एन श्री चारणी को प्रेरित किया है। गौरतलब है कि 12 अक्टूबर को जब भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमें आमने-सामने होंगी, तब यह आयोजन सिर्फ एक मुकाबला नहीं बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट के गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने वाला क्षण होगा।

यह भी पढ़ें:

अमीनुल इस्लाम दोबारा बने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष, चार साल तक संभालेंगे जिम्मेदारी

करुण नायर की हुई टीम में वापसी, राहुल द्रविड़ के बेटे को मिली इस टूर्नामेंट में कप्तानी

Latest Cricket News