1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मोहम्मद सिराज का खराब गेंदबाजी को लेकर बड़ा खुलासा, कहा- लंबे ब्रेक की वजह से बिगड़ा मेरा फॉर्म

मोहम्मद सिराज का खराब गेंदबाजी को लेकर बड़ा खुलासा, कहा- लंबे ब्रेक की वजह से बिगड़ा मेरा फॉर्म

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने अपने खराब प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें आराम नहीं चाहिए। लंबा ब्रेक मिलने से उनकी लय खराब हो जाती है।

Mohammad Siraj- India TV Hindi
Image Source : PTI मोहम्मद सिराज

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने अपने खराब फॉर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि श्रीलंका दौरे पर वो विकेट लेने के लिए क्यों संघर्ष कर रहे थे। सिराज का कहना है कि उनके शरीर को ज्यादा दिनों तक आराम करने की आदत नहीं है। जब भी उन्हें लंबा ब्रेक मिलता है, तो उनका रनअप खराब हो जाता है। इसकी वजह से उनकी गेंदबाजी बहुत सामान्य हो जाती है। दलीप ट्रॉफी के फाइनल मैच में अपनी पुरानी लय वापस पाने के बाद उन्होंने यह बात कही। इसके साथ ही सिराज ने श्रीलंका दौरे पर अपनी खराब गेंदबाजी का कारण भी यही बताया।

मैं पूरी तरह से अपनी लय पर निर्भर रहने वाला गेंदबाज हूं- सिराज

दलीप ट्रॉफी फाइनल के बाद मोहम्मद सिराज ने बताया कि वे पूरी तरह से अपनी लय पर निर्भर रहने वाले गेंदबाज हैं। अगर उनकी लय थोड़ी भी बिगड़ती है, तो वे सही तरीके से गेंद नहीं फेंक पाते। श्रीलंका दौरे पर उनके साथ यही परेशानी हुई थी, जहां गेंद फेंकने के लिए भागते समय उनके रन अप कभी छोटे तो कभी लंबे पड़ रहे थे। इस वजह से उनका फ्लो टूट गया और गेंदबाजी की रफ्तार कम हो गई।

सिराज का मानना है कि हर खिलाड़ी का शरीर अलग होता है और उनका शरीर लंबे समय तक आराम करने का आदी नहीं है। छोटे ब्रेक से उन्हें फर्क नहीं पड़ता, लेकिन अपने 10 साल के करियर में उन्होंने कभी दो महीने की लंबी छुट्टी नहीं ली थी। ब्रेक के दौरान वे जिम जा रहे थे और हल्की गेंदबाजी भी कर रहे थे, लेकिन अभ्यास कितना भी कर लें, मैच के असली दबाव का मुकाबला नहीं किया जा सकता। सिराज ने इसे एक नया अनुभव बताया और कहा कि इस गलती से उन्हें आगे के लिए बड़ी सीख मिली है।

श्रीलंका सीरीज में सिराज के स्पीड में आई थी गिरावट

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में गेंदबाजी के दौरान मोहम्मद सिराज के स्पीड में गिरावट देखने को मिली थी। उस सीरीज में वह 120-125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे और इसी वजह से श्रीलंकाई बल्लेबाज आसानी से उनके खिलाफ रन भी बना रहे थे। हालांकि वह दलीप ट्रॉफी के फाइनल में लंबा-लंबा स्पेल फेंक कर लय हासिल करने की कोशिश की। लेकिन वहां भी ईस्ट जोन के गेंदबाज उनके खिलाफ आसानी से रन बनाते हुए नजर आए

यह भी पढ़ें

पाक गेंदबाज रजाउल्लाह ने डेब्यू मैच में लुटाए जमकर रन, प्रसिद्ध कृष्णा का रिकॉर्ड तोड़ा

'सिर्फ खेलने नहीं, दम दिखाने उतरेंगे'- भारत के खिलाफ ऐतिहासिक मैच से पहले जापान के कप्तान केंडल फ्लेमिंग का बयान

Latest Cricket News