1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ग्लेन फिलिप्स पांचवें टी20 में रच सकते हैं इतिहास, वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से सिर्फ 56 रन दूर

ग्लेन फिलिप्स पांचवें टी20 में रच सकते हैं इतिहास, वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से सिर्फ 56 रन दूर

ग्लेन फिलिप्स भारत के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना सकते हैं। अगर वह इस मैच में 56 रन बना लेते हैं, तो वे किसी एक द्विपक्षीय टी20 सीरीज में दुनिया में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

Glenn Philips- India TV Hindi
Image Source : PTI ग्लेन फिलिप्स

न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स भारत के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के दौरान अभी तक जबरदस्त लय में दिखे हैं। शुरुआती चार मैचों में वह एक शतक और दो अर्धशतक लगा चुके हैं। सिर्फ एक मैच को छोड़कर बाकी सभी मुकाबलों में उन्होंने 70 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। ऐसे में अब उनके पास पांचवें टी20 में एक बेहतरीन रिकॉर्ड बनाने का मौका है। पांचवें और आखिरी मैच में उनके पास एक द्विपक्षीय सीरीज में दुनिया में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका है। इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने के लिए उन्हें सिर्फ 56 रनों की जरूरत है।

फिल साल्ट का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं ग्लेन फिलिप्स

एक द्विपक्षीय टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड फिलहाल इंग्लैंड के फिल साल्ट के नाम है। उन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों में 331 रन बनाए थे। इस लिस्ट में पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान 316 रनों के साथ दूसरे और एस्टोनिया के साहिल चौहान 297 रनों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन 290 रनों के साथ चौथे स्थान पर हैं। इस टी20 सीरीज में फिलिप्स 276 रन बना चुके हैं। पांचवें टी20 में 56 रन बनाकर वह इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को अपने नाम कर सकते हैं।

ग्लेन फिलिप्स के पास एक खास क्लब में शामिल होने का मौका

फिल सॉल्ट और मोहम्मद रिजवान ही ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने पांच या उससे ज्यादा मैचों की टी20 सीरीज में 300 से ज्यादा रन बनाए हैं। रविवार को होने वाले मैच में ग्लेन फिलिप्स के पास भी इस खास क्लब में शामिल होने का मौका है। अगर वह इस मैच में 24 रन बना लेते हैं, तो वह ऐसा करने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। इसके अलावा, सिर्फ 15 रन बनाते ही वह एक टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मार्क चैपमैन का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे।

टीम इंडिया सीरीज कर चुकी है अपने नाम

न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। इस सीरीज के शुरुआती 3 मैच जीतकर भारतीय टीम सीरीज को अपने नाम कर चुकी है। हालांकि चौथे टी20 में टीम इंडिया को एक बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। कीवी टीम आखिरी मैच जीतकर पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने से पहले अपना आत्मविश्वास बढ़ाना चाहेगी। वनडे सीरीज का आगाज 4 नवंबर से होगा। इस सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा भी खेलते हुए नजर आएंगे।

यह भी पढ़ें

WTC 2025-27 प्वाइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा हुआ खत्म, टॉप पोजीशन गंवाई, यह टीम बनी नंबर-1

श्रीलंका को ट्राई सीरीज के फाइनल मैच में हार से हुआ बड़ा नुकसान, ICC वनडे टीम रैंकिंग में अफगानिस्तान से नीचे आई

Latest Cricket News