आईपीएल की पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस ने आगामी आईपीएल सीजन से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल किया है। टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी और विस्फोटक ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड को अब टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह टीम के बैटिंग कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया के जरिए इस खबर की जानकारी दी। इससे पहले महेला जयवर्धने मुंबई इंडियंस के हेड कोच थे, लेकिन हाल ही में उन्होंने ये पद छोड़ दिया था।
कायरन पोलार्ड ने क्या कहा?
हेड कोच बनने के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए पोलार्ड ने कहा कि मुंबई इंडियंस के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। यह फ्रेंचाइजी मेरे जीवन और करियर का एक बहुत बड़ा हिस्सा रही है। मैंने इस टीम के साथ एक खिलाड़ी और फिर एक कोच के रूप में लंबा सफर तय किया है। मैं नीता अंबानी, आकाश अंबानी और पूरे एमआई परिवार का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। मैं खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर टीम की विरासत को आगे बढ़ाने और अपनी पलटन को जश्न मनाने के कई और मौके देने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।
मुंबई इंडियंस का शानदार सफर और ग्लोबल दबदबा
मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में से एक है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की यह टीम सिर्फ आईपीएल तक ही सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के कई देशों में इस फ्रेंचाइजी की टीम है। मुंबई की फ्रेंचाइजी ने अब तक मेंस और वुमेंस क्रिकेट के अलग-अलग टूर्नामेंट्स में कुल 13 बार खिताब जीते हैं। इसमें 5 आईपीएल ट्रॉफियों के अलावा चैंपियंस लीग, महिला प्रीमियर लीग (WPL), मेजर लीग क्रिकेट (MLC), ILT20 और SA20 जैसे बड़े टूर्नामेंट शामिल हैं। अब यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि कायरन पोलार्ड के हेड कोच बनने के बाद टीम मैदान पर कैसा कमाल दिखाती है।
टी20 क्रिकेट में पोलार्ड का प्रदर्शन
कायरन पोलार्ड टी-20 क्रिकेट के इतिहास के सबसे खतरनाक और महान खिलाड़ियों में से एक हैं। टी-20 क्रिकेट में उनके आंकड़े बेहद शानदार हैं। उन्होंने दुनिया भर की टी-20 लीग्स (जैसे आईपीएल, सीपीएल और पीएसएल) और इंटरनेशनल मैचों को मिलाकर कुल 754 टी-20 मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 14999 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत लगभग 31.71 और स्ट्राइक रेट 150 से ज्यादा का रहा है। पोलार्ड ने टी-20 क्रिकेट में 1000 से ज्यादा छक्के भी लगाए हैं, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की गवाही देता है। इसके अलावा, गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए उन्होंने 341 विकेट चटकाए हैं।
यह भी पढ़ें
टेस्ट सीरीज से पहले खुली भारतीय बैटिंग की पोल, पांच बल्लेबाजों का नहीं खुला खाता, इंडिया ए 113 पर ऑलआउट
IND vs NZ क्राइस्टचर्च में रनों की बरसात होगी या गेंदबाजों का दिखेगा कहर? जानिए क्या कहता है पिच का मिजाज
Latest Cricket News