1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. महेला जयवर्धने ने छोड़ा मुंबई इंडियंस के हेड कोच का पद, 10 साल में तीन बार बनाया IPL चैंपियन

महेला जयवर्धने ने छोड़ा मुंबई इंडियंस के हेड कोच का पद, 10 साल में तीन बार बनाया IPL चैंपियन

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Oct 17, 2026 01:17 pm IST,  Updated : Oct 17, 2026 01:17 pm IST

महेला जयवर्धने ने आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस के हेड कोच का पद छोड़ दिया है, जिससे टीम को बड़ा झटका लगा है। फ्रेंचाइजी ने शनिवार, 17 अक्टूबर को सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी।

Hardik Pandya & Mahela Jaywerdene- India TV Hindi
हार्दिक पांड्या & महेला जयवर्धने Image Source : PTI

मुंबई इंडियंस (MI) के हेड कोच महेला जयवर्धने ने IPL 2027 सीजन से पहले अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने दूसरे कार्यकाल में पिछले दो साल तक टीम की कोचिंग संभाली थी, और इससे पहले वे 2017 से 2022 तक भी टीम के हेड कोच रहे थे। उनके कार्यकाल के दौरान मुंबई इंडियंस ने तीन बार आईपीएल का खिताब जीता। फ्रेंचाइजी ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने टीम में अनुशासन, आपसी सहयोग और हमेशा टीम को पहले रखने की सोच को बढ़ावा दिया। उनके इस फैसले से मुंबई इंडियंस के साथ उनका लगभग एक दशक पुराना सफर फिलहाल खत्म हो गया है।

जयवर्धने ने शेयर किया इमोशनल मैसेज

मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ने के बाद महेला जयवर्धने काफी भावुक नजर आए। उन्होंने टीम के खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और फैंस का शुक्रिया अदा किया, साथ ही नीता अंबानी और आकाश अंबानी के भरोसे और दोस्ती को अपने सफर का बहुत अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि टीम के साथ मिलकर उन्होंने कई यादगार पल बिताए, मुश्किलों का डटकर सामना किया और ऐसी कामयाबी हासिल की जिस पर सबको गर्व है। टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस हमेशा उनके दिल के बहुत करीब रहेगी।

नीता अम्बानी ने की जयवर्धने की तारीफ

मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने महेला जयवर्धने की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने टीम के लिए बहुत अच्छा काम किया है। उनके शांत स्वभाव, ईमानदारी और खेल के प्रति प्यार का टीम के लिए बहुत मतलब है। पूरी 'वन फैमिली' की तरफ से उन्होंने महेला को उनके काम और साथ के लिए शुक्रिया कहा। नीता अंबानी ने यह भी कहा कि महेला हमेशा उनके परिवार का हिस्सा रहेंगे और वे उनके साथ बिताई यादों को हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने महेला को भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं।

आखिरी बार 2020 में मुंबई ने जीता था आईपीएल

आईपीएल 2027 के लिए रिटेंशन की आखिरी तारीख 15 नवंबर है, यानी अब बहुत कम समय बचा है और मुंबई इंडियंस को जल्द ही एक नया हेड कोच ढूंढना होगा। मुंबई ने आखिरी बार 2020 में आईपीएल जीता था और लगातार दूसरी बार खिताब बचाने वाली पहली टीम बनी थी। ये दोनों शानदार जीतें जयवर्धने के कार्यकाल में ही मिली थीं। आईपीएल 2026 में हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टीम अंक तालिका में नीचे से दूसरे स्थान पर रही थी और इन सबके बीच हार्दिक के टीम बदलने यानी ट्रेड होने की चर्चाएं भी काफी तेज हैं।

यह भी पढ़ें

दिल्ली कैपिटल्स का बड़ा ऐलान, 761 इंटरनेशनल विकेट लेने वाले गेंदबाज को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

फ्री में कैसे देखें इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज पांचवां टी20 मुकाबला? जानें लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।