1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बांग्लादेश वर्सेस न्यूजीलैंड मैच में नाहिद राणा ने गेंद से बरपाया कहर, ऐसा करने वाले बने सिर्फ तीसरे खिलाड़ी

बांग्लादेश वर्सेस न्यूजीलैंड मैच में नाहिद राणा ने गेंद से बरपाया कहर, ऐसा करने वाले बने सिर्फ तीसरे खिलाड़ी

Nahid Rana 5 Wicket Haul: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे मैच में गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए। उनके सामने कीवी बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए।

Nahid Rana- India TV Hindi
Image Source : AP नाहिद राणा

Nahid Rana 5 Wicket Haul: न्यूजीलैंड की टीम इन दिनों व्हाइट बॉल सीरीज के लिए बांग्लादेश के दौरे पर है। इन दिनों दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के दूसरे मैच में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने अपनी रफ्तार भरी गेंदबाजी से कहर बरपाया और पांच विकेट हॉल अपने नाम किए। उनके सामने कीवी टीम बल्लेबाज संघर्ष करते हुए नजर आए। दूसरे वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम मात्र 198 रनों पर धराशायी हो गई।

ऐसा करने वाले बांग्लादेश के तीसरे गेंदबाज बने नाहिद राणा

नाहिद राणा वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट हॉल लेने वाले बांग्लादेश के तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। वह रुबेल हुसैन (6/26) और आफताब अहमद (5/31) जैसे गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस तेज गेंदबाज ने अब तक 3 मैचों में 20.00 की औसत और 4.82 की इकॉनमी रेट के साथ 7 विकेट अपने नाम किए हैं। यह कीवी टीम के खिलाफ उनका पहला 5 विकेट हॉल है। सीरीज के पहले वनडे मैच में भी गेंद के साथ नाहिद राणा ने अच्छा प्रदर्शन किया था।

दूसरे वनडे में किन-किन बल्लेबाजों को नाहिद राणा ने भेजा पवेलियन

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे में नाहिद ने लगातार 2 ओवरों में हेनरी निकोल्स (13) और विल यंग (2) को आउट किया। उन्होंने मिडिल ऑर्डर में मुहम्मद अब्बास (19) का विकेट चटकाते हुए अहम साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद उन्होंने डीन फॉक्सक्रॉफ्ट (15) और जेडन लेनोक्स (0) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। उन्होंने 10 ओवरों में 32 रन देते हुए 5 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने एक ओवर मेडन भी डाला। उनकी शानदार गेंदबाजी के बदौलत न्यूजीलैंड की टीम 48.4 ओवर में 198 रन पर सिमट गई।

व्हाइट बॉल क्रिकेट में नाहिद राणा ने सभी को किया है प्रभावित

नाहिद राणा अपनी रफ्तार भरी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह हर मैच में लगातार 140 किलोमीटर/घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं और उनके सामने अच्छे-अच्छे बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखे हैं। नाहिद राणा ने अपने वनडे करियर में 10 मैचों में 24.57 की औसत से और 5.13 की इकॉनमी रेट के साथ अब तक कुल 21 विकेट चटकाए हैं। इस बीच उन्होंने दो बार 5 विकेट हॉल पूरे किए हैं। न्यूजीलैंड के अलावा वह पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट हॉल ले चुके हैं।

यह भी पढ़ें

GT vs MI Prediction: कौन जीतेगा आज का मुकाबला, शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या आमने सामने

क्रिस गेल ने खरीदी टीम, पहली बार खेले जाने वाली T20 लीग में बिखेरेगी जलवा

Latest Cricket News