1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. नाहिद राणा वर्ल्ड क्रिकेट में बड़ा खतरा बन चुके हैं, ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले बांग्लादेशी खिलाड़ी का बड़ा बयान

नाहिद राणा वर्ल्ड क्रिकेट में बड़ा खतरा बन चुके हैं, ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले बांग्लादेशी खिलाड़ी का बड़ा बयान

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच 13 अगस्त से खेला जाएगा। इस टेस्ट सीरीज के लिए तेज गेंदबाज नाहिद राणा बांग्लादेश की टीम का हिस्सा नहीं हैं।

Nahid Rana & Taskin Ahmed- India TV Hindi
Image Source : AP नाहिद राणा & तस्कीन अहमद

बांग्लादेश की टीम इन दिनों दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। इस दौरे से पहले ही बांग्लादेशी टीम को डबल झटका लग चुका है। तेज गेंदबाज नाहिद राणा चोट की वजह से इस सीरीज में नहीं खेलेंगे और उनकी गैरमौजूदगी में तस्कीन अहमद तेज गेंदबाजी क्रम की अगुवाई करेंगे। सीरीज शुरू होने से पहले तस्कीन अहमद ने कहा कि उनकी टीम को इस टेस्ट सीरीज में तेज गेंदबाज नाहिद राणा की कमी खलेगी। उनका मानना है कि राणा अपनी तेज गेंदबाजी से मेजबान टीम के खिलाफ बड़ा असर डाल सकते थे।

23 साल बाद टेस्ट खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया गई है बांग्लादेश की टीम

तेज गेंदबाज नाहिद राणा साइड स्ट्रेन की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। वहीं शोरीफुल इस्लाम हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से इस सीरीज के पहले मैच में नहीं खेल रहे हैं। अब शोरीफुल दूसरे टेस्ट मैच में खेल पाएंगे या नहीं, यह उनके फिटनेस टेस्ट पास करने पर निर्भर करेगा। आपको बता दें कि बांग्लादेश की टीम 23 साल के बाद टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर रही है। इन दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए बांग्लादेश के सेलेक्टर्स ने काफी पहले टीम का ऐलान भी कर दिया था।

नाहिद राणा को लेकर तस्कीन अहदम ने क्या कहा?

तस्कीन अहमद ने डार्विन में होने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले कहा कि नाहिद राणा इस वक्त वर्ल्ड क्रिकेट में एक खतरनाक गेंदबाज हैं, लेकिन बदकिस्मती से वो चोटिल हो गए हैं। तस्कीन का मानना है कि अगर नाहिद राणा और शोरीफुल इस्लाम दोनों टीम में होते, तो बांग्लादेश का पलड़ा ज्यादा भारी होता। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इन दोनों के न होने से अब बाकी गेंदबाजों के पास खुद को साबित करने और अपनी पहचान बनाने का बेहतरीन मौका है।

बाकी बॉलर्स के पास खुद को साबित करने का मौका- तस्कीन अहमद

तस्कीन ने कहा कि जो गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया में खेल रहे हैं, उनके लिए यह खुद को साबित करने का एक बेहतरीन मौका है। उन्होंने बताया कि इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली वनडे सीरीज की जीत से उनकी टीम को काफी हौसला मिल रहा है, क्योंकि वह सीरीज अच्छी पिचों पर खेली गई थी। तस्कीन के मुताबिक ढाका के मीरपुर में आमतौर पर धीमी और स्पिन वाली पिचें मिलती हैं, लेकिन पिछली सीरीज में हालात दोनों टीमों के लिए बेहतर थे। इसी वजह से बांग्लादेशी टीम अच्छा प्रदर्शन कर सकी और ऑस्ट्रेलिया को हराने में कामयाब रही।

यह भी पढ़ें 

टीम इंडिया से बाहर चल रहे युजवेंद्र चहल का गदर, 15 विकेट लेकर मचाई सनसनी

हार्दिक पांड्या को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म, क्या मुंबई इंडियंस से चले जाएंगे

Latest Cricket News