NZ vs WI: न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज ने मिलकर रच दिया इतिहास, टेस्ट में हुआ बहुत बड़ा कारनामा
न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरा टेस्ट जीतने के साथ ही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। इस मैच में न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज ने मिलकर बहुत बड़ा कारनामा किया।

NZ vs WI: न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेले गए टेस्ट सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले का नतीजा मेजबान कीवी टीम के पक्ष में गया। न्यूजीलैंड ने 323 रनों से वेस्टइंडीज को मात दी और टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। तीसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज दोनों ही टीमों के बल्लेबाजों ने कमाल का खेल दिखाया। दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 1400 से ज्यादा रन ठोक डाले। इस तरह 12 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त हो गया।
पहली पारी में जमकर बने रन
दरअलस, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी 575/8 रन के स्कोर पर घोषित की थी। कप्तान टॉम लैथम ने 137 रन की अहम पारी खेली, जबकि उनके साथी ओपनर डेवोन कॉन्वे ने शानदार 227 रन बनाए। न्यूजीलैंड के पहली पारी के विशाल स्कोर के जवाब में वेस्टइंडीज पहली पारी में 420 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में एक बार फिर टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे की सलामी जोड़ी ने कमाल का खेल दिखाया और शानदार शतक जड़े। लैथम ने 101 जबकि कॉन्वे ने 100 रनों की पारी खेली। दोनों के बीच 191 रनों की साझेदारी हुई। इस तरह मेजबान कीवी टीम ने 306/2 रन के स्कोर पर अपनी पारी घोषित करते हुए वेस्टइंडीज को जीत के लिए 462 रनों का बड़ा लक्ष्य दिया।
NZ vs WI टेस्ट मैच में बना नया रिकॉर्ड
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में सिर्फ 138 रन पर ढेर हो गई। न्यूजीलैंड के लिए जैकब डफी ने अकेले वेस्टइंडीज की आधी टीम को पवेलियन का रास्ता दिखाया। उन्होंने 42 रन देकर 5 बल्लेबाजों का शिकार किया। वहीं, एजाज पटेल ने 23 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
तीसरे टेस्ट में दोनों ही टीमों के बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए। नतीजा ये हुआ कि बहुत बड़ा कीर्तिमान चकनाचूर हो गया। बता दें, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने कुल मिलाकर 1439 रन बनाए, जो NZ vs WI के एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड है। इससे पहले 1408 रन न्यूजीलैंड बनाम वेस्टइंडीज टेस्ट मैच में बने सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड था। यह कारनामा दिसंबर 2013 में डुनेडिन में खेले गए टेस्ट मैच में देखने को मिला था।
NZ vs WI टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा कुल रन
- 1439 रन - माउंट माउंगानुई टेस्ट (दिसंबर 2025)
- 1408 रन - डुनेडिन टेस्ट (दिसंबर 2013)
- 1348 रन - किंग्स्टन टेस्ट (फरवरी 1972)
- 1321 रन - क्राइस्टचर्च टेस्ट (दिसंबर 2025)
यह भी पढ़ें:
टीम को लगा तगड़ा झटका, स्टार खिलाड़ी 3 महीने के लिए बाहर
रोहित शर्मा ने किया रिटायरमेंट को लेकर बड़ा खुलासा, बताया 2023 वर्ल्ड कप के बाद लेने वाले थे संन्यास