नए साल का कुछ दिनों में आगाज होने जा रहा है, इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम को तगड़ा झटका लगा है। न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज ने टीम को टेंशन में डाल दिया है। दरअसल, न्यूजीलैंड की अनुभवी बल्लेबाज सूजी बेट्स चोट के कारण 3 महीने के लिए बाहर हो गईं हैं। सूजी बेट्स क्वाड्रिसेप मांसपेशी में गंभीर चोट के कारण घरेलू समर सीजन से बाहर हो गई हैं। यह चोट उन्हें पिछले महीने हेलीबर्टन जॉनस्टोन शील्ड मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय लगी थी। इसके बाद कराए गए स्कैन में क्वाड्रिसेप टियर की पुष्टि हुई, जिसकी गंभीरता को देखते हुए उन्हें लगभग तीन महीने के रिहैबिलिटेशन की जरूरत होगी।
आखिरी बार वर्ल्ड कप में आईं नजर
इंटरनेशनल स्टेज पर बेट्स को आखिरी बार ICC महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी टीम के आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में देखा गया था। बेट्स का प्रदर्शन अपने स्टैंडर्ड के हिसाब से अच्छा नहीं रहा, उन्होंने 5 पारियों में सिर्फ 40 रन बनाए। टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड सात मैचों में सिर्फ एक जीत के साथ टेबल में छठे स्थान पर रहा। चोट के चलते सूजी बेट्स अब घरेलू सीजन के बाकी मैचों में ओटागो टीम के लिए उपलब्ध नहीं होंगी। इसके अलावा फरवरी में जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली न्यूजीलैंड की घरेलू सीरीज से भी वह बाहर रहेंगी। हालांकि, बेट्स ने साफ किया है कि उनका लक्ष्य मार्च में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली न्यूजीलैंड की T20 और ODI सीरीज के लिए पूरी तरह फिट होकर वापसी करना है।
मैदान पर दमदार वापसी की उम्मीद
सुजी बेट्स ने कहा कि इस समर सीजन से बाहर होना मेरे लिए बेहद निराशाजनक है। वह स्पार्क्स के साथ एक और सीजन खेलने को लेकर काफी उत्साहित थी, खासकर सुपर स्मैश को लेकर। अब उनका पूरा फोकस मार्च में मैदान पर वापसी करने पर है। गौरतलब है कि सुपर स्मैश टूर्नामेंट की शुरुआत 26 दिसंबर से सेडन पार्क में होगी, जिसमें पहला मुकाबला नॉर्दर्न ब्रेव और ऑकलैंड एसेज व हार्ट्स के बीच खेला जाएगा।
गौरतलब है कि 6 महीने बाद ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 होने वाला है, जबकि न्यूजीलैंड का अगला असाइनमेंट जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की ODI और T20I सीरीज होगी, जो 25 फरवरी को हैमिल्टन में शुरू होगी।
यह भी पढ़ें:
मिचेल स्टार्क ने साल 2025 में रचा कीर्तिमान, जेम्स एंडरसन और शॉन पोलॉक को भी पछाड़ा
WTC Points Table: ऑस्ट्रेलिया से हारकर इंग्लैंड का PCT हुआ कम, जानें भारतीय टीम का भी हाल