Mitchell Starc: ऑस्ट्रेलिया ने एशेज 2025-26 के तीसरे टेस्ट में धमाकेदार जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड टेस्ट में इंग्लैंड को 82 रनों से धूल चटाते हुए एशेज पर अपना कब्जा बरकरार रखा। ऑस्ट्रेलिया ने महज 11 दिन के भीतर तीन टेस्ट मैचों में जीत दर्ज करते हुए इंग्लैंड का एशेज जीतने का सपना चकनाचूर कर दिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ टेस्ट 2 दिन में जबकि गाबा टेस्ट 4 दिन में अपने नाम किया था। वहीं, तीसरे टेस्ट का नतीजा 5वें दिन जाकर निकला।
एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की ओर से बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया। एलेक्स कैरी को पहली पारी में शतक और दूसरी पारी में 72 रनों के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, कप्तान पैट कमिंस (6 विकेट), नाथन लायन (5) और स्कॉट बौलेंड (4) ने शानदार गेंदबाजी की। तीसरे टेस्ट में मिचेल स्टार्क ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान दिया। पहली पारी में 54 रन बनाने के अलावा उन्होंने एक विकेट अपने नाम किया। वहीं, दूसरी पारी में 3 विकेट लेकर इंग्लैंड की टीम को हार की तरफ धकेल दिया।
एंडरसन और शॉन पोलॉक से आगे निकले स्टार्क
स्टार्क ने दूसरी पारी में इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज विल जैक्स को अपना पहला शिकार बनाया। इसके साथ ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में साउथ अफ्रीका के शॉन पोलॉक (421 विकेट) को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद विल जैक्स के रुप में दूसरा शिकार करने के साथ ही स्टार्क एशेज के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में जेम्स एंडरसन से आगे निकल गए। एंडरसन ने एशेज में 117 विकेट चटकाए हैं। वहीं, स्टार्क ने दूसरी पारी में 3 विकेट चटकाने के साथ ही एशेज में अपने खाते में 119 विकेट कर लिए हैं। अब वह एशेज में 9वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। एशेज 2025-26 के आखिरी 2 मैचों में वह टॉप-5 में जगह बना सकते हैं। इसके लिए उन्हें सिर्फ 10 विकेट की दरकार है।
एशेज के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज
- शेन वॉर्न - 195
- ग्लेन मैक्ग्रा - 157
- स्टुअर्ट ब्रॉड - 153
- ह्यू ट्रंबल - 141
- डेनिस लिली - 128
- इयान बॉथम - 128
- बॉब विलिस - 123
- मिचेल स्टार्क - 119
- जेम्स एंडरसन - 117
एडिलेड टेस्ट की दोनों पारियों में कुल मिलाकर 4 विकेट लेते ही मिचेल स्टार्क साल 2025 में टेस्ट में 50 से ज्यादा विकेट चटकाने वाले इकलौते गेंदबाज हैं। उन्होंने इस साल महज 10 टेस्ट मैचों की 20 पारियों में 51 विकेट चटकाने का कारनामा किया है।
साल 2025 में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज
- मिचेल स्टार्क - 51
- मोहम्मद सिराज - 43
- ब्लेसिंग मुजरबानी - 42
यह भी पढ़ें:
ICC टूर्नामेंट के लिए अब इस टीम का हुआ ऐलान, पूर्व क्रिकेटर के पोते को बनाया गया कप्तान
ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 11 दिनों में ही जीत ली एशेज सीरीज, इंग्लैंड का एक बार फिर से टूट गया सपना