New Zaland U19 World Cup Squad: ICC के 3 बड़े टूर्नामेंट का अगले साल आयोजन होना है। इनमें मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026, वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 और ICC U19 मेन्स वर्ल्ड कप 2026 शामिल हैं। इन तीनों ICC टूर्नामेंट में U19 वर्ल्ड कप का आयोजन सबसे पहले होगा। U19 वर्ल्ड कप का 15 जनवरी से आगाज होगा, जिसमें 16 टीमें शिरकत करेंगी। यही वजह है कि लगातार टीमों का ऐलान होने का सिलसिला जारी है। इस बीच न्यूजीलैंड ने अपनी U19 टीम का ऐलान कर दिया है।
टीम में एक से बढ़कर एक प्लेयर
U19 वर्ल्ड कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड की 15 सदस्यीय टीम में घरेलू क्रिकेट का अच्छा-खासा अनुभव रखने वाले पांच खिलाड़ियों को शामिल किया गया है जबकि टीम की कमान टॉम जोन्स को सौंपी गई है। जोन्स अपना दूसरा U19 वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे और हाल ही में उन्होंने ओटागो के लिए अपने फर्स्ट-क्लास डेब्यू में शतक बनाया था। टॉम जोन्स का क्रिकेट से गहरा नाता है। उनके दादा जेरेमी कोनी भी क्रिकेटर रह चुके हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 55 टेस्ट और 88 ODI मैच खेले थे।
टीम में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के बल्लेबाज स्नेहित रेड्डी और विकेटकीपर आर्यन मान, ओटागो के तेज गेंदबाज मेसन क्लार्क और ऑकलैंड के बॉलिंग ऑलराउंडर जसकरण संधू शामिल हैं। रेड्डी और क्लार्क पिछले U19 वर्ल्ड कप में भी खेले थे। एंटोन डेवसिच कोचिंग यूनिट की अगुवाई करेंगे। उनके साथ NZC हाई परफॉर्मेंस कोच पॉल वाइसमैन और ग्रीम एल्ड्रिज भी होंगे।
18 जनवरी से एक्शन में होगी न्यूजीलैंड
हेड कोच डेवसिच ने टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि इतने टैलेंटेड खिलाड़ियों के पूल के साथ कुछ मुश्किल सिलेक्शन कॉल थे, लेकिन हमें लगता है कि हमने सही बैलेंस बनाया है। डेवसिच खुद 2004 के U19 वर्ल्ड कप में खेल चुके हैं। उन्होंने कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप सबसे अच्छे एज-ग्रुप टैलेंट के लिए दुनिया के मंच पर अपने स्किल्स दिखाने और इंटरनेशनल क्रिकेट का पहला अनुभव लेने का एक बहुत ही रोमांचक मौका है। ज्यादातर खिलाड़ियों के लिए यह पहली बार होगा जब वे न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऐसे में यह खिलाड़ियों और कोच दोनों के लिए एक खास पल होगा।
टूर्नामेंट के वार्म-अप पीरियड 9 जनवरी को शुरू होने से पहले टीम बुलावेयो में एक ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेगी। कीवी टीम टूर्नामेंट में भारत, बांग्लादेश और USA के साथ ग्रुप B का हिस्सा है। न्यूजीलैंड 18 जनवरी को USA के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी।
ICC U19 मेन्स वर्ल्ड कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड की टीम: टॉम जोन्स (कप्तान), मार्को अल्पे, ह्यूगो बोग, हैरी बर्न्स, मेसन क्लार्क, जैकब कॉटर, आर्यन मान, ब्रैंडन मात्जोपोलस, फ्लिन मोरे, स्नेहित रेड्डी, कैलम सैमसन, जसकरण संधू, सेल्विन संजय, हंटर शोर, हैरी वेट।
यह भी पढ़ें:
टेस्ट और ODI टीम को लेकर आई बड़ी खबर, 27 साल का ये खिलाड़ी बना नया कप्तान
ईशान किशन की टीम इंडिया में वापसी से गदगद हुए पिता, सेलेक्शन को लेकर कही यह बात