1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'वो मुझे शादी करने को कहता है', निरहुआ संग डेटिंग पर आम्रपाली दुबे ने तोड़ी चुप्पी, लव गिल को बताया कैसा है एक्टर संग रिश्ता

'वो मुझे शादी करने को कहता है', निरहुआ संग डेटिंग पर आम्रपाली दुबे ने तोड़ी चुप्पी, लव गिल को बताया कैसा है एक्टर संग रिश्ता

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 29, 2026 12:08 pm IST,  Updated : Sep 29, 2026 12:08 pm IST

बिग बॉस 20 में अमरपाली दुबे ने निरहुआ संग रिश्ते की अफवाहों पर बात की। उन्होंने कहा कि दोनों की दोस्ती पुरानी और सहज है, जबकि लोग उन्हें डेटिंग कपल समझते हैं।

amrapali dubey- India TV Hindi
आम्रपाली दुबे। Image Source : AMRAPALI DUBEY INSTAGRAM

भोजपुरी सिनेमा की सबसे चर्चित ऑनस्क्रीन जोड़ियों में अमरपाली दुबे और दिनेश लाल यादव निरहुआ का नाम शामिल है। दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम किया है और दर्शकों के बीच उनकी जोड़ी को काफी पसंद किया जाता है। पर्दे पर दोनों की शानदार केमिस्ट्री के चलते उनके रिश्ते को लेकर कई बार अफवाहें भी सामने आती रही हैं। हालांकि अमरपाली और निरहुआ दोनों ही हमेशा अपने रिश्ते को दोस्ती का नाम देते आए हैं। अब 'बिग बॉस 20' में अमरपाली ने एक बार फिर निरहुआ के साथ अपनी बॉन्डिंग और शादी से जुड़ी बातचीत का जिक्र किया है।

'लोग सोचते हैं कि हम डेट कर रहे हैं'

'बिग बॉस 20' के हालिया एपिसोड में अमरपाली दुबे ने कंटेस्टेंट लव गिल से बातचीत के दौरान निरहुआ के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि भोजपुरी इंडस्ट्री में कदम रखने के बाद से ही दोनों की दोस्ती है। अमरपाली ने साल 2014 में फिल्म 'निरहुआ हिंदुस्तानी' से भोजपुरी फिल्मों में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ दिनेश लाल यादव नजर आए थे। अमरपाली ने अपनी दोस्ती के बारे में बताते हुए कहा कि दोनों के बीच रिश्ता इतना सहज है कि कई बार बिना कुछ कहे भी एक-दूसरे की बात समझ लेते हैं। उन्होंने बताया कि वह सिर्फ निरहुआ को देखकर भी अपनी बात समझा सकती हैं और वह तुरंत हंसने लगते हैं। अभिनेत्री के मुताबिक, ऐसी दोस्ती बहुत सहज और बिना किसी बनावट के होती है। अमरपाली ने कहा कि लोग अक्सर दोनों को डेट करने वाला समझते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि निरहुआ उन्हें लगातार किसी से शादी करने के लिए समझाते रहते हैं। अमरपाली के मुताबिक, निरहुआ को लगता है कि शादी करना आसान फैसला है, जबकि महिलाओं के लिए शादी के बाद कई चीजों को पीछे छोड़ने का सवाल भी जुड़ा होता है।

निरहुआ के परिवार से भी है अमरपाली की नजदीकी

अमरपाली दुबे पहले भी निरहुआ के परिवार और बच्चों के साथ अपने रिश्ते को लेकर बात कर चुकी हैं। कुछ महीने पहले भोजपुरी रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में उन्होंने बताया था कि वह निरहुआ के बच्चों के काफी करीब हैं। दोनों की दोस्ती सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके परिवारों के बीच भी अपनापन नजर आता है। 'बिग बॉस 20' के ही एक पुराने एपिसोड में अमरपाली ने बताया था कि निरहुआ ने उनकी मदद कर उन्हें 'बिग बॉस 6' के अभिनेता संतोष शुक्ला से मिलवाने में भूमिका निभाई थी। उनके मुताबिक, निरहुआ की सिफारिश के बाद उन्हें आगे काम करने का मौका मिला और उनका टीवी से फिल्मों की ओर सफर आगे बढ़ा।

महाकुंभ में साथ नजर आने पर भी उठे थे सवाल

अमरपाली और निरहुआ को लेकर अफवाहों का सिलसिला नया नहीं है। महाकुंभ के दौरान दोनों के साथ नजर आने पर भी सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर सवाल उठे थे। दोनों की साथ तस्वीरों और वीडियो के बाद लोगों ने यह सवाल तक पूछा था कि अगर दोनों सिर्फ दोस्त हैं तो निरहुआ की पत्नी उनके साथ क्यों नहीं थीं। इस पर अमरपाली ने पहले एक इंटरव्यू में सफाई देते हुए बताया था कि महाकुंभ जाना उनके परिवार का प्लान था। उनके साथ उनकी मां, बहन, चाचा और चाची भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि निरहुआ उस समय उत्तर प्रदेश में थे और जब उन्हें पता चला कि परिवार महाकुंभ जा रहा है तो उन्होंने भी उनके साथ जाने का फैसला किया। अमरपाली और निरहुआ की जोड़ी भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय जोड़ियों में गिनी जाती है। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया है और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया है। यही वजह है कि दोनों की दोस्ती भी अक्सर सुर्खियों में आ जाती है।

पिछले शो में भी हुई थी दोनों के अफेयर की चर्चा

'भोजपुरी बवाल' में भी दोनों के अफेयर की काफी चर्चाएं रहीं। एक्ट्रेस से जब पूछा गया कि वो उनके बच्चे भी पालती हैं और निरहुआ अपनी पत्नी को छोड़ उनके साथ ही रहते हैं तो फिर ऐसी क्या वजह कि वो अपना रिश्ता नहीं स्वीकार करतीं। ये सुनते ही एक्ट्रेस भड़क गई थीं और इस पर कुछ भी कहने से मना कर दिया था। हालांकि उन्होंने ये माना कि उनके बच्चों संग उनकी बॉन्डिंग बहुत ज्यादा अच्छी है।

ये भी पढ़ें: 'भगवान उन्हें खुश रखें', गोविंद और कोमल रानी पर सुनीता आहूजा ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- उन्हें अपनी मर्जी से जीनें दें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।