1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कानपुर के विनायक शुक्ला बने ओमान क्रिकेट टीम के कैप्टन, जतिंदर सिंह की लेंगे जगह

कानपुर के विनायक शुक्ला बने ओमान क्रिकेट टीम के कैप्टन, जतिंदर सिंह की लेंगे जगह

कानपुर के रहने वाले भारतीय मूल के विकेटकीपर-बल्लेबाज विनायक शुक्ला को ओमान क्रिकेट टीम का नया कप्तान बनाया गया है। वह जतिंदर सिंह की जगह लेंगे।

Oman- India TV Hindi
Image Source : OMAN CRICKET BOARD ओमान क्रिकेट टीम

उत्तर प्रदेश के कानपुर से निकलकर ओमान क्रिकेट टीम की कमान संभालने तक का सफर विनायक शुक्ला के लिए किसी सपने से कम नहीं है। बेहतर भविष्य की तलाश में कुछ साल पहले ओमान पहुंचे भारतीय मूल के विकेटकीपर-बल्लेबाज को अब देश की क्रिकेट टीम का कप्तान बना दिया गया है। ओमान क्रिकेट ने इसे टीम के लिए एक नए दौर की शुरुआत करार दिया है।

ओमान क्रिकेट बोर्ड ने शेयर की पोस्ट

ओमान क्रिकेट बोर्ड ने सोशल मीडिया के जरिए घोषणा करते हुए बताया कि 32 साल के विनायक शुक्ला को ओमान क्रिकेट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। वह अब जतिंदर सिंह की जगह लेंगे, जिन्होंने इसी साल भारत में आयोजित ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में ओमान की कप्तानी की थी।

बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि विनायक शुक्ला ने पिछले कुछ सालों में टीम की प्रगति और सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी को देखते हुए उन्हें नेशनल टीम की अगुवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ओमान क्रिकेट ने अपने संदेश में लिखा- एक नए अध्याय की शुरुआत। ओमान क्रिकेट गर्व के साथ विनायक शुक्ला को मेन्स क्रिकेट टीम का कप्तान घोषित करता है। सालों से टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले विनायक अब नेशनल टीम का नेतृत्व करेंगे। कप्तान विनायक शुक्ला को शुभकामनाएं।

2024 में खेला पहला T20I

कानपुर में जन्मे विनायक शुक्ला साल 2024 से ओमान की नेशनल टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने 14 दिसंबर 2024 को कतर के खिलाफ अपना पहला T20I  मुकाबला खेला था। इसके बाद 10 फरवरी 2025 को नामीबिया के खिलाफ एशिया कप के दौरान उन्होंने ODI क्रिकेट में डेब्यू किया। अब तक विनायक 8 ODI मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 24 की औसत से 144 रन बनाए हैं। वहीं T20I क्रिकेट में उन्होंने 13 मुकाबलों में 288 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक भी निकले हैं और उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 52 रन रहा है।

विनायक की सफलता के पीछे संघर्ष की लंबी कहानी भी है। साल 2021 में वह बेहतर अवसरों की तलाश में अपने एक कोच की सलाह पर ओमान पहुंचे थे। शुरुआती दिनों में उन्होंने अपने रोजमर्रा के खर्च पूरे करने के लिए नेशनल मेटल कैन्स कंपनी में डेटा ऑपरेटर की नौकरी की। मेहनत और लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने पहले ओमान की नेशनल टीम में जगह बनाई और अब कप्तान बनने का गौरव भी हासिल कर लिया।

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान के इंटरनेशनल शेड्यूल को लेकर आई बड़ी खबर, ट्राई सीरीज में आयरलैंड और जिम्बाब्वे से होगी टक्कर

ICC T20 World Cup 2026 में पाकिस्तान का खेल खत्म, चार टीमें टी20 विश्व कप से बाहर

Latest Cricket News