Pakistan Cricket Team: भारतीय क्रिकेट टीम ने धमाकेदार अंदाज में पाकिस्तानी टीम को 7 विकेट से शिकस्त दी है। भारतीय स्पिनर्स के आगे पहले तो पाकिस्तानी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए और टीम सिर्फ 127 रन ही बना पाई। इसके बाद भारतीय टीम ने इस टारगेट को आसानी से अपने नाम कर लिया। मैच हारने के बाद पाकिस्तानी टीम के ऊपर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। एक ऐसा समीकरण बन रहा है, जिससे टीम एशिया कप 2025 से बाहर हो सकती है। आइए जानते हैं, उसके बारे में।
पाकिस्तान का यूएई के खिलाफ 17 सितंबर को होगा मैच
एशिया कप 2025 में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही है, जिन्हें चार-चार के दो ग्रुप में बांटा गया है। अब हर ग्रुप से दो टीमें अगले राउंड (सुपर-4) के लिए क्वालीफाई कर लेंगी। लेकिन पाकिस्तान का सुपर-4 में पहुंचना मुश्किल लग रहा है। जबकि भारतीय टीम इसी ग्रुप में है, उसके चार अंक हो गए हैं और वह आराम से सुपर-4 में पहुंच सकती है। ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में पाकिस्तान दूसरे नंबर पर है। उसने अभी तक दो मुकाबले खेले हैं, जिसमें से एक में जीत दर्ज की है और एक मैच में हार का मुंह देखना पड़ा है। दो अंकों के साथ उसका नेट रन रेट प्लस 4.793 है। अब टी20 एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज में उसका एक ही मैच बचा हुआ है, जो उसे 17 सितंबर को यूएई की टीम के खिलाफ खेलना है।
दूसरी तरफ यूएई की टीम ने मौजूदा एशिया कप में अभी तक एक ही मुकाबला खेला है और जिसमें उसे हार मिली थी। जीरो अंकों के साथ उसका नेट रन रेट माइनस 10.483 है और यूएई के अभी दो मुकाबले बचे हुए हैं।
इस तरह से सुपर-4 में पहुंच सकती है यूएई की टीम
सुपर-4 में पहुंचने के लिए सबसे पहले तो यूएई की टीम को ओमान के खिलाफ 15 सितंबर को होने वाले मुकाबले में धमाकेदार जीत दर्ज करनी होगी। इसके बाद उसके दो अंक हो जाएंगे और वह पाकिस्तान की बराबरी पर पहुंच जाएगी।
फिर 17 सितंबर को उसे पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करनी होगी। जिससे उसके चार अंक हो सकें। इस तरह से चार अंक होते ही यूएई की टीम ग्रुप-ए से सुपर-4 के लिए क्वालीफाई कर लेगी। जबकि पाकिस्तान को यूएई से हारने से तगड़ा नुकसान होगा और वह सुपर-4 में नहीं पहुंच पाएगी। क्योंकि उसके दो ही अंक रह जाएंगे।
बाहर हो सकती है पाकिस्तानी टीम
जब यूएई की टीम ओमान और पाकिस्तान को हरा देगी और उसके चार अंक हो जाएंगे। उसके बाद ग्रुप-ए से पाकिस्तान और ओमान की टीमें तो बाहर हो जाएंगी। वहीं सुपर-4 के लिए इस ग्रुप से भारत और यूएई की टीम आसानी से क्वालीफाई कर जाएंगी। लेकिन पाकिस्तान को हराने के लिए यूएई की टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा और यह इतना आसान नहीं लग रहा है।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान को पीटने के बाद सूर्या ने देश के वीर जवानों को किया सलाम, देश के नाम समर्पित की जीत
प्रेजेंटेशन में क्यों नहीं आए कप्तान सलमान अली आगा? पाकिस्तानी कोच ने कर दिया सब साफ
Latest Cricket News