वनडे मुकाबला 50 ओवर का होता है, लेकिन पाकिस्तानी क्रिकेट टीम ने इसे भी टी20 जैसा ही बना दिया है। ना तो टीम पूरे ओवर बैटिंग कर पाई और ना ही 20 ओवर पूरे होने से पहले विरोधी टीम को लक्ष्य हासिल करने से रोक पाई। श्रीलंका ने ट्राई सीरीज के अहम मैच में पाकिस्तान को बुरी तरह से पटकनी दी है, लेकिन इसके बाद भी पाकिस्तान की टीम इसका फाइनल खेलती हुई नजर आएगी।
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा ट्राई सीरीज का फाइनल
इस वक्त पाकिस्तान में ट्राई सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका और इंग्लैंड की टीमें शामिल रहीं। अब इसका लीग फेज समाप्त हो रहा है। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा, ये तय हो गया है। पाकिस्तान ने चार में से तीन मैच जीते और उसके पास छह अंक हैं, इसलिए वो अंक तालिका में पहले नंबर पर रही। श्रीलंका ने तीन में से अब तक तीन मैच खेलकर उसमें से दो जीते हैं और उसके पास चार अंक हैं। इंग्लैंड की टीम तीन मैच खेल चुकी है, लेकिन एक भी मैच में उसे जीत नहीं मिली है। टीम का खाता खाली है। हालांकि एक मैच अभी उसका बाकी है, जो श्रीलंका के खिलाफ खेला जाएगा, लेकिन इससे पहले ही टीम इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से पीटा
मंगलवार को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तानी टीम केवल 110 रन ही बना सकी। पूरी टीम 25.3 ओवर में ही आउट हो गई। बाबर आजम ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 29 रनों की पारी खेली। टीम के 11 में से केवल चार ही बल्लेबाज ऐसे रहे, जो दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। इसके बाद जब श्रीलंका की बैटिंग आई तो उसने केवल 18.1 ओवर में ही दो विकेट पर 114 रन बनाकर मैच जीत लिया। सलामी बल्लेबाज कामेंदु मेंडिस ने 60 बॉल पर 62 रनों की जबरदस्त पारी खेली। अविष्का फर्नांडो ने 16 और पवन रत्नायके ने 26 बॉल पर 23 रन बनाए।
31 अक्टूबर को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होगी फाइनल भिड़ंत
इस ट्राई सीरीज के फाइनल से पहले एक और लीग मैच खेला जाएगा, हालांकि इसके अब बहत ज्यादा मायने नहीं रह गए हैं। 29 अक्टूबर को श्रीलंका और इंग्लैंड की टीमें आमने सामने होंगी। ये मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद 31 अक्टूबर को लाहौर के इसी स्टेडियम में फाइनल मैच होगा। इसमें पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच टक्कर होगी। माना जा रहा है कि ये तीनों टीमें इस टूर्नामेंट से अपनी आईसीसी वनडे विश्व कप की तैयारी कर रही हैं।
यह भी पढ़ें
साउथ अफ्रीका का धमाकेदार आगाज, फिर मिचेल स्टार्क ने बरपाया कहर
कब खेले जाएंगे भारत बनाम न्यूजीलैंड बाकी दो मैच, टीम इंडिया ने टी20 सीरीज पर कर लिया है कब्जा
Latest Cricket News