आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का तीसरा मैच खेला गया। जिसे भारत ने शानदार तरीके से छह विकेट से अपने नाम कर लिया। अब तीन बैक टू बैक मैच जीतकर सीरीज भी भारत के नाम हो चुकी है। आप इसी मैच में व्यस्त रहे, उधर पाकिस्तान में बड़ा कांड हो गया और किसी को पता ही नहीं चला। ट्राई सीरीज में श्रीलंका की टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम का एक तरह से दहन सा कर दिया। वनडे मुकाबले में पाकिस्तानी टीम करीब आधे ही ओवर खेल पाई और आउट हो गई।
पाकिस्तानी टीम केवल 25.3 ओवर में 110 रन पर आउट
पाकिस्तान में खेली जा रही ट्राई सीरीज में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया। इसमें पहले बैटिंग के लिए उतरी पाकिस्तान टीम केवल 25.3 ओवर ही बैटिंग कर पाई। ध्यान रखिएगा कि ये वनडे मैच है, जिसमें 50 ओवर का खेल होता है। इस दौरान पाकिस्तान की पूरी टीम आउट हो गई और महज 110 रन ही बना पाई। हाल ये था कि टीम के 11 में से केवल चार ही बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। बाकी सिंगल डिजिट में ही आउट होकर पवेलियन लौट गए।
बाबर आजम ने खेली सबसे बड़ी 29 रनों की पारी
टीम के लिए पूर्व कप्तान बाबर आजम ने 29 रनों की पारी खेली, जो सबसे बड़ी साबित हुई। बाबर ने इसके लिए 33 बॉल का सामना किया और पांच चौके लगाए। बाबर के अलावा हसन नवाज ने 17, अराफात मिन्हास ने 10 और शहीन शाह अफरीदी ने 15 रन बनाए। पाकिस्तान की वनडे टीम के कप्तान इस वक्त शाहीन अफरीदी ही हैं, उन्होंने 13 बॉल में 15 रन की पारी खेली, इसमें दो छक्के शामिल रहे। चौका उनसे एक भी नहीं लगा। पाकिस्तान के टॉप 5 बल्लेबाजों में से केवल बाबर ही ऐसे रहे, जो दहाई की संख्या में पहुंचे।
दिलशान मदुशंका ने झटके पांच विकेट
श्रीलंका के दिलशान मदुशंका ने जबरदस्त गेंदबाजी की, उनके सवालों का पाकिस्तान के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। दिलशान ने 8.3 ओवर की गेंदबाजी में केवल 34 रन देकर पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। सहन अराचिगे ने पांच ओवर में 24 रन देकर दो विकेट लिए। इशान मलिंगा और दुनिथ बेल्लालागे ने एक एक विकेट अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की।
यह भी पढ़ें