1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही PCB हुआ नाखुश, बेतुकी वजह से ICC से जताई नाराजगी

T20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही PCB हुआ नाखुश, बेतुकी वजह से ICC से जताई नाराजगी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तानी टीम अपने सभी मुकाबले श्रीलंकाई धरती पर खेलेगी, क्योंकि भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध बहुत ही खराब दौर गुजर रहे हैं। लेकिन अब खास वजह से PCB गुस्सा हो गया है।

salman ali agha- India TV Hindi
Image Source : AP सलमान अली आगा

T20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होना है और इसके लिए आईसीसी द्वारा शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी को पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच मैच से होगी। वहीं फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। इस बार आगामी टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसी वजह से फैंस बहुत ही ज्यादा उत्साहित हैं। अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड एक खास वजह से खफा हो गया है।

टिकट बिक्री के लिए जारी पोस्टर में पाकिस्तानी कप्तान नहीं है शामिल

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप के टिकटों की बिक्री के लिए जारी किए गए प्रचार पोस्टर में अपने कप्तान सलमान अली आगा की तस्वीर न होने से आईसीसी से नाखुश है। पीसीबी के एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि इस मामले को आईसीसी के समक्ष उठाया गया है क्योंकि प्रचार पोस्टर में केवल पांच कप्तानों की तस्वीर है। इसमें सूर्यकुमार यादव (भारत), एडन माक्ररम (दक्षिण अफ्रीका), मिचेल मार्श (ऑस्ट्रेलिया), दासुन शनाका (श्रीलंका) और हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) शामिल है।

ICC टी20 रैंकिंग में टॉप-5 में भी शामिल नहीं है पाकिस्तान

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक सूत्र ने कहा कि कुछ महीने पहले एशिया कप के दौरान भी हमें इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा था, उस समय प्रसारकों ने हमारे कप्तान की तस्वीर के बिना ही प्रचार अभियान शुरू कर दिया था। उन्होंने बताया कि पीसीबी की एशियन क्रिकेट काउंसिल से बात करने के बाद ही स्थिति में बदलाव आया। उन्होंने कहा कि इस बार भी हमें ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि आईसीसी ने टिकटों की बिक्री के लिए जारी किए गए प्रचार पोस्टर में हमारे कप्तान की तस्वीर नहीं लगाई है। 

उन्होंने कहा कि भले ही पाकिस्तान आईसीसी टी20 रैंकिंग में टॉप पांच टीमों में शामिल न हो, लेकिन उसका एक समृद्ध इतिहास है और वह विश्व कप में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली टीमों में से एक है। उन्होंने कहा कि पीसीबी को पूरा भरोसा है कि आईसीसी प्रचार पोस्टर और अभियानों में पाकिस्तानी कप्तान को जरूर शामिल करेगी।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ग्रुप-ए में शामिल है पाकिस्तानी टीम

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तानी टीम को ग्रुप-ए में रखा गया है। इसमें पाकिस्तान के अलावा भारत, यूएसए, नीदरलैंड्स और नामीबिया की टीम को जगह मिली है। भारत और पाकिस्तान के बीच  महामुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें:

हार के बाद क्या बदलेगी भारतीय टीम की Playing 11? या फिर पुराने ढर्रे पर चलेंगे कप्तान सूर्या

मेसी के ग्राउंड से जल्दी जाने के बाद फैंस हुए आगबबूला, गुस्से में फेंकी पानी की बोतलें और कुर्सियां

Latest Cricket News