1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. प्रतिका रावल ने मचाया तहलका, जड़ा करियर का तीसरा वनडे शतक, मंधाना वाले स्पेशल क्लब में मारी एंट्री

प्रतिका रावल ने मचाया तहलका, जड़ा करियर का तीसरा वनडे शतक, मंधाना वाले स्पेशल क्लब में मारी एंट्री

प्रतिका रावल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे मैच में शानदार शतक लगाया। इसके साथ ही, वह भारत के लिए वनडे में तीन या उससे ज्यादा शतक लगाने वाली स्मृति मंधाना के बाद सिर्फ दूसरी सलामी बल्लेबाज बन गई हैं।

Pratika Rawal- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतिका रावल

23 अक्टूबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए पहले वनडे मैच में भारत की ओपनर बल्लेबाज प्रतिका रावल ने शानदार शतक लगाकर टीम इंडिया को एक यादगार जीत दिलाई। जिम्बाब्वे की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 197 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम ने प्रतिका के शतक और शैफाली वर्मा के नाबाद 64 रनों की मदद से आसानी से मैच जीत लिया। भारत ने सिर्फ 27 ओवरों में ही एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। इस शानदार शतक के साथ ही प्रतिका रावल ने अपने क्रिकेट करियर में एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल कर ली है।

मंधाना वाले स्पेशल क्लब में हुई प्रतिका रावल की एंट्री

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए वनडे मैचों में ओपनिंग करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड स्मृति मंधाना के नाम है, जिन्होंने कुल 14 शतक लगाए हैं। वहीं, हाल ही में प्रतिका रावल ने अपना तीसरा वनडे शतक लगाकर स्मृति मंधाना के इस खास क्लब में जगह बना ली है। भारत के लिए वनडे में बतौर ओपनर 3 या उससे ज्यादा शतक लगाने वाली ये दोनों ही खिलाड़ी हैं। इनके अलावा मिताली राज, पूनम राउत, तिरुष कामिनी और जया शर्मा जैसी दिग्गज बल्लेबाजों ने बतौर ओपनर 2-2 शतक ही लगाए हैं।

मंधाना और शैफाली ने भी लगाया अर्धशतक

इस मुकाबले में भारत को जीत के लिए 198 रनों का लक्ष्य मिला था। शुरुआत में कप्तान स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 94 रन जोड़े, जिसमें मंधाना ने सिर्फ 34 गेंदों पर धुआंधार 62 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं शेफाली वर्मा ने प्रतिका रावल के साथ मिलकर पारी को संभाला और टीम को आसानी से जीत दिला दी। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच नाबाद 106 रनों की शानदार साझेदारी हुई। शेफाली ने मात्र 33 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। जबकि प्रतिका रावल ने 96 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से नाबाद 100 रनों की ऐतिहासिक शतकीय पारी खेली। इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारत ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

श्री चरणी और क्रांति गौड़ ने किया शानदार प्रदर्शन

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने अपने करियर का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मात्र 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जिससे जिम्बाब्वे की पूरी टीम 197 रनों पर ही ढेर हो गई। जिम्बाब्वे की तरफ से सिर्फ बिलव्ड बीजा ही टिककर खेल पाईं और उन्होंने 62 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। श्री चरणी के अलावा क्रांति गौड़ ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके।

यह भी पढ़ें

श्रेयस अय्यर के पास बड़ा कारनामा करने का मौका, बतौर कप्तान रोहित शर्मा का रिकॉर्ड चकनाचूर करने के करीब

न्यूजीलैंड में इंडिया ए की खराब शुरुआत, केएल राहुल-साई सुदर्शन जीरो पर हुए आउट, पहले सेशन में गंवाए 4 विकेट

Latest Cricket News