इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में गुजरात टाइटंस टीम की तरफ से खेल रहे अफगानिस्तान टीम के स्टार स्पिनर राशिद खान ने अपने इंटरनेशनल करियर को लेकर एक बड़ा बयान जारी किया है। राशिद खान पिछले कुछ सालों से बैक इंजरी की समस्या से लगातार जूझते हुए नजर आ रहे थे, जिसके चलते वह सिर्फ लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट की अहम सीरीज में हिस्सा ले रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए अब राशिद खान ने जो बयान जारी किया है उसमें उन्होंने ये संकेत दिया है कि वह आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद जून महीने में भारत के खिलाफ होने वाली एक मैच की टेस्ट सीरीज जिसका मुकाबला मुल्लांपुर में खेला जाना है उससे बाहर रह सकते हैं।
डॉक्टर ने मुझे टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने की दी है सलाह
राशिद खान ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2026 मुकाबले में गुजरात टाइटंस टीम को मिली एक रन से जीत के बाद दिए बयान में अपनी बैक इंजरी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि आपरेशन के बाद अब मैं जरूर पूरी तरह से फिट हो गया हूं, लेकिन डॉक्टर ने मुझसे कहा कि अगर क्रिकेट नहीं खेलना चाहते हो तो टेस्ट क्रिकेट खेलते रहो। वनडे क्रिकेट में मुझे मजा आता है और मैं यदि टेस्ट क्रिकेट से दूर रहता हूं तो अफगानिस्तान के लिये लंबे समय तक खेल सकता हूं। इसी दौरान राशिद से जब आईपीएल के बाद भारतीय टीम के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसके जवाब में कहा कि अगर मैं साल में एक टेस्ट खेल रहा हूं तो मैं वह 2025 में खेल चुका हूं। डाक्टर ने मुझे सबसे पहले टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने के लिये ही कहा था, इसके बावजूद मैंने जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट खेला और उसमें 54 ओवर गेंदबाजी करते हुए 11 विकेट लिये थे।
मेरा अब पूरा ध्यान वनडे वर्ल्ड कप 2027 है
अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने टेस्ट क्रिकेट से दूरी बनाने को लेकर आगे कहा कि अगर मैं भारत के खिलाफ होने वाले टेस्ट मैच में खेलता हूं और उसमें मेरी कमर में कोई दिक्कत होती हो तो फिर मैं क्या करूंगा। अगर मैं साल में एक टेस्ट खेल रहा हूं तो मैं 100 टेस्ट मैच नहीं खेलने वाला। अभी मेरा पूरा ध्यान साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों पर है, जिसको लेकर मैं किसी तरह का कोई भी रिस्क अपनी फिटनेस को लेकर नहीं उठाना चाहता हूं।
ये भी पढ़ें
विराट कोहली का नाम सुनते ही भड़क गए बाबर आजम, ये गुस्से वाला VIDEO आपको भी हंसाएगा
शुभमन गिल ने बता दी विरोधी टीम की चूक, आखिरी बॉल से पहले क्या बनी रणनीति
Latest Cricket News