शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने आखिर पहला मैच जीत लिया है। इसके साथ ही टीम का खाता भी खुल गया है। इससे पहले गुजरात ने जो दो मैच खेले थे, वो आखिर तक तो गए, लेकिन जीत विरोधी के खाते में चली गई। इस बार भी गुजरात की हार करीब थी, लेकिन मैच के बाद शुभमन गिल ने बताया कि उनकी जीत का चांस कब बना। इतना ही नहीं, उन्होंने ये भी बताया कि आखिरी बॉल से पहले उनकी और गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की क्या बात हुई थी। किस रणनीति के तहत लास्ट बॉल हुई।
डेविड मिलर ने सिंगल नहीं लिया तब जगी जीत की आस
गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच बुधवार रात एक बेहद रोचक मुकाबला खेला गया। मैच पल पल बदल रहा था। आखिरी बॉल तक पता नहीं था कि मैच कहां जाएगा। लास्ट ओवर की आखिरी दो बॉल पर गुजरात टाइटंस को जीत के लिए दो रन चाहिए थे। पांचवी बॉल पर दिल्ली के डेविड मिलर ने सिंगल से मना कर दिया और यही टीम की हार का कारण भी बन गया। इस बात को गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने भी माना। लास्ट बॉल पर जब दो रन चाहिए थे, जब एक रन लेने के प्रयास में कुलदीप यादव रन आउट हो गए।
शुभमन गिल ने बताया रणनीति के तहत फेंकी गई थी स्लोअर बाउंसर
मैच के बाद जब शुभमन गिल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इससे पहले टीम ने जो दो मैच खेले थे, वो आखिरी ओवर तक गए थे। उन्होंने कहा कि पांचवी बॉल पर जब डेविड मिलर ने सिंगल नहीं लिया तो उन्हें और टीम को लगा कि अब जीत का बेहद शानदार मौका है। आखिरी बॉल की रणनीति पर अपनी बात रखते हुए गिल ने कहा कि हमारे पास दो विकल्प थे। यार्कर डाली जाए या फिर स्लोअर बाउंसर। बातचीत के बाद तय हुआ कि हम एक अच्छी स्लोअर बॉल डालेंगे। जिस पर बाउंड्री लगना मुश्किल होता है। उन्होंने कहा कि फील्डिंग के दौरान पांच छह रनों ने काफी फर्क डाला है। आपको याद होगा कि एक ओवर थ्रो के दौरान दिल्ली को चार अतिरिक्त रन मिल गए थे। अगर गुजरात की टीम हार जाती तो इसे ही जिम्मेदार माना जाता।
गिल ने खेली अर्धशतकीय पारी
गुजरात टाइटंस की इस जीत में वैसे तो विरोधी टीम के डेविड मिलर का बड़ा योगदान रहा, लेकिन कप्तान शुभमन गिल ने भी एक अच्छी पारी खेली। ओपनिंग के लिए आए शुभमन ने 45 बॉल पर धमाकेदार तरीके से 70 रन जोड़ दिए। इस दौरान उन्होंने चार चौके और पांच छक्के ठोके। जॉस बटलर ने भी 27 बॉल पर 52 रन बनाए। वहीं वॉशिंगटन सुंदर के बल्ले से 32 बॉल पर 55 रनों की एक अच्छी पारी आई। यही वजह रही कि गुजरात की टीम 200 से अधिक स्कोर बनाने में कामयाब हो पाई। जो जीत के लिए काफी साबित हुए।
यह भी पढ़ें
IPL 2026 Points Table: गुजरात टाइटंस की पहली जीत से रोचक हुई अंक तालिका, बड़ा फेरबदल