1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026: रवींद्र जडेजा ने छुआ बड़ा मुकाम, दिग्गज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को पछाड़ा

IPL 2026: रवींद्र जडेजा ने छुआ बड़ा मुकाम, दिग्गज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को पछाड़ा

IPL 2026 में रवींद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा हैं। जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए पहले ही मैच में गेंद से कमाल कर दिया।

IPL 2026- India TV Hindi
Image Source : PTI लसिथ मलिंगा और रवींद्र जडेजा

Ravindra Jadeja: IPL 2026 की शुरुआत के साथ ही रिकॉर्ड्स बनने का सिलसिला भी तेज हो गया है। रवींद्र जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए पहले ही मैच में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। जडेजा दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ते हुए IPL के 9वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।

राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए जडेजा ने यह उपलब्धि अपने ही पूर्व टीम चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए IPL 2026 के तीसरे मैच में हासिल की। इस मुकाबले में जडेजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए शिवम दुबे और सरफराज खान को अपना शिकार बनाया। अब जडेजा के नाम IPL में 255 मैचों में 172 विकेट हो गए हैं, जो उन्होंने 30.26 की औसत से हासिल किए हैं। इसमें एक पांच विकेट हॉल भी शामिल है। उन्होंने मलिंगा के 170 विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

  • युजवेंद्र चहल - 221
  • भुवनेश्वर कुमार - 198
  • सुनील नरेन - 192
  • पीयूष चावला - 192
  • रविचंद्रन अश्विन - 187
  • जसप्रीत बुमराह - 183
  • ड्वेन ब्रावो - 183
  • अमित मिश्रा - 174
  • रवींद्र जडेजा - 172

गौरतलब है कि जडेजा 2008 में राजस्थान रॉयल्स की खिताबी टीम का हिस्सा थे। इसके बाद 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़कर वह टीम के अहम खिलाड़ी बन गए। एमएस धोनी की कप्तानी में जडेजा ने 2018, 2021 और 2023 में CSK को चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया। IPL 2026 से पहले हुए बड़े ट्रेड में जडेजा ने एक बार फिर राजस्थान रॉयल्स में वापसी की। इस डील में सैम करन भी राजस्थान के साथ जुड़े, जबकि संजू सैमसन राजस्थान से CSK में शामिल हो गए।

मैच का हाल

IPL 2026 के तीसरे मुकाबले की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराया। पहले गेंदबाजी करते हुए जोफ्रा आर्चर, जडेजा और नांद्रे बर्गर की घातक गेंदबाजी के सामने CSK की टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई। CSK ने एक वक्त अपने 6 विकेट 57 रन पर खो दिए। हालांकि, जेमी ओवरटन (43 रन), कार्तिक शर्मा (18) और सरफराज खान (17) की पारियों की बदौलत टीम 127 रन तक पहुंच सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी अंदाज में 17 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उनके साथ यशस्वी जायसवाल ने 38 रन की नाबाद पारी खेली। दोनों के बीच 75 रन की साझेदारी ने राजस्थान को आसान जीत दिलाई।

यह भी पढ़ें:

बड़ी खबर, ODI और T20I सीरीज के लिए कीवी टीम का ऐलान, धाकड़ खिलाड़ियों की स्क्वाड में वापसी

IPL 2026: किसने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन, ऑरेंज कैप के लिए चल रही जबरदस्त जंग

Latest Cricket News