कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में अपना दूसरा मुकाबला होम ग्राउंड ईडन गार्डन्स स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेल रही है। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 226 रनों का स्कोर बनाया है। केकेआर की तरफ से इस मुकाबले में खेल रहे उनके स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह फील्डिंग में एक ऐसा कारनामा करने में कामयाब रहे जिसके दम पर उन्होंने पूर्व खिलाड़ी आंद्रे रसेल को पीछे छोड़ दिया।
आईपीएल में केकेआर के लिए सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ी बने रिंकू सिंह
इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में वेस्टइंडीज टीम के पूर्व खिलाड़ी आंद्रे रसेल की गिनती दिग्गज खिलाड़ियों में की जाती है, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से खुद को मैच विनर साबित किया है। इसके अलावा आंद्रे रसेल एक बेहतरीन फील्डर भी रहे हैं जिसमें उन्होंने कई शानदार कैच लपकने के साथ मुकाबले के रुख को भी बदला है। आईपीएल में केकेआर की तरफ से सबसे ज्यादा कैच पकड़ने का रिकॉर्ड पहले आंद्रे रसेल के नाम पर था, जिन्होंने कुल 40 कैच पकड़े थे, लेकिन उनको अब इस मामले में रिंकू सिंह ने पीछे छोड़ने का काम किया है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में रिंकू सिंह ने जब सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में अनुकूल रॉय के ओवर में अनिकेत वर्मा का बाउंड्री के पास कैच लपका उसी के साथ उन्होंने रसेल को पीछे छोड़ दिया। रिंकू ने केकेआर की तरफ से आईपीएल में 61वां मैच खेलते हुए बतौर फील्डर 41वां कैच पकड़ा।
आईपीएल में केकेआर के लिए सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले फील्डर
- रिंकू सिंह - 41 कैच
- आंद्रे रसेल - 40 कैच
- सुनील नरेन - 36 कैच
- मनोज तिवारी - 30 कैच
ब्लेसिंग मुजरबानी ने गेंद से दिखाया कमाल
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में केकेआर की तरफ से गेंदबाजी प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें ब्लेसिंग मुजरबानी का कमाल देखने को मिला, जिन्होंने अपने 4 ओवर्स में 41 रन देने के साथ 4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा वैभव अरोड़ा भी 2 विकेट लेने में कामयाब रहे। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से बल्लेबाजी में हेनरिक क्लासेन का कमाल देखने को मिला जिन्होंने इस मैच में 35 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 52 रनों की शानदार पारी खेली।
ये भी पढ़ें
अभिषेक शर्मा ने पूरा किया खास शतक, SRH के लिए IPL में ऐसा करने वाले बने सिर्फ दूसरे खिलाड़ी
CSK vs PBKS Head To Head: सीएसके के सामने घर पर पंजाब किंग्स की चुनौती, दोनों टीमों की बीच दिखी है कड़ी टक्कर
Latest Cricket News