इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का कारवां अब चेन्नई पहुंच चुका है जहां पर इस सीजन का 7वां मुकाबला एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स की टीम के बीच में 3 अप्रैल को खेला जाएगा। रुतुराज गायकवाड की कप्तानी में खेल रही चेन्नई सुपर किंग्स की आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत काफी निराशाजनक देखने को मिली है, जिसमें उन्हें अपने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स से एकतरफा 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में उनके लिए ये मुकाबला काफी अहम रहने वाला है। पंजाब किंग्स की टीम ने इस सीजन की शुरुआत जीत के साथ की है, जिसमें उनकी नजरें इसी लय को बरकरार रखने की होगी।
दोनों टीमों के बीच अब तक दिखी है बराबरी की टक्कर
चेन्नई सुपर किंग्स टीम की गिनती आईपीएल इतिहास की सबसे शानदार टीमों में की जाती है, जो 5 बार ट्रॉफी को अपने नाम करने में कामयाब रहे हैं। हालांकि पिछले कुछ सीजन सीएसके के लिए बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार नहीं रहे हैं। आईपीएल में उन्हें पंजाब किंग्स की टीम के खिलाफ हमेशा कड़ी टक्कर मिली है, जिसमें दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 32 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इसमें से चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने जहां 16 मुकाबलों को अपने नाम किया है तो वहीं पंजाब किंग्स की टीम भी 16 मैचों को अपने नाम करने में कामयाब रही है। वहीं पिछले 5 मैचों में दोनों टीमों का एक-दूसरे के खिलाफ रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें पंजाब किंग्स की टीम 4 मैच जीतने में कामयाब रही है जबकि सीएसके सिर्फ एक बार ही जीत हासिल करने में सफल हुई है।
पंजाब का चेपॉक में भी है पलड़ा भारी
आईपीएल 2026 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच में ये मुकाबला सीएसके टीम के होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों ने इस मैदान पर अब तक आईपीएल में कुल 9 मैचों में एक-दूसरे का सामना किया है, जिसमें पंजाब किंग्स की टीम का पलड़ा भारी देखने को मिलता है। पंजाब किंग्स ने जहां चेपॉक स्टेडियम में सीएसके के खिलाफ खेले गए 9 मैचों में से 5 को अपने नाम किया है जबकि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम सिर्फ 4 मैच ही जीतने में कामयाब हो सकी है।
ये भी पढ़ें
IPL 2026 में खेलने के लिए नहीं मिली NOC तो कोर्ट पहुंचा ये खिलाड़ी, RCB के स्क्वाड का है हिस्सा
संजीव गोयन्का को हार के बाद भी पूरा भरोसा, LSG कप्तान ऋषभ पंत को लेकर क्या कहा