इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च को हो गया था, जिसमें अभी तक 5 मुकाबले खेले जा चुके हैं। वहीं कई ऐसे विदेशी खिलाड़ी हैं जो अब तक अपनी फ्रेंचाइजी के साथ नहीं जुड़ सके हैं। इसी में एक नाम श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा का भी शामिल है, जो आईपीएल 2026 के सीजन में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्क्वाड में हैं। नुवान तुषारा को अब तक आईपीएल के मौजूदा सीजन में खेलने के लिए श्रीलंका क्रिकेट की तरफ से एनओसी जारी नहीं की गई है, जिसको लेकर उन्होंने अब एक बड़ा कदम उठाते हुए कोर्ट का रुख किया है, जिसने सभी को चौंका जरूर दिया है।
नुवान ने कोर्ट से की मामले में हस्तक्षेप की मांग
आईपीएल 2026 में हिस्सा लेने वाले श्रीलंकाई खिलाड़ियों को वहां के बोर्ड ने एनओसी देने के लिए पहले फिटनेस टेस्ट को पास करना अनिवार्य कर दिया था। नुवान तुषारा को श्रीलंका क्रिकेट की तरफ से अभी तक एनओसी यानी अनापत्ति प्रमाण पत्र इसलिए नहीं दिया गया है क्योंकि वह फिटनेस टेस्ट को पास करने में नाकाम रहे हैं। नुवान ने अब कोलंबो जिला न्यायालय में मामला दायर कर श्रीलंका क्रिकेट को एनओसी जारी करने का आदेश देने की मांग की है। उनकी तरफ से दायर की गई इस याचिका की सुनवाई समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार 9 अप्रैल को होगी। स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार साल 2022 से श्रीलंका के लिए 30 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके नुवान तुषारा ने दलील दी है कि श्रीलंका क्रिकेट के साथ उनका अनुबंध 31 मार्च को खत्म हो गया था और वह इसे आगे नहीं बढ़ाना चाहते हैं।
श्रीलंका क्रिकेट अपने रिटायरमेंट की बता दी इच्छा
नुवान तुषारा ने श्रीलंका क्रिकेट के साथ अपने अनुबंध को आगे नहीं बढ़ाने को लेकर श्रीलंका क्रिकेट को जानकारी दी थी कि वह अब इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लेना चाहते हैं। इसी को लेकर फिटनेस टेस्ट में असफल होने के बाद भी उन्हें एनओसी नहीं देने के चलते अब उन्होंने अदालत का रुख किया है। श्रीलंका क्रिकेट ने किसी भी खिलाड़ी के नेशनल टीम में चयन के लिए पहले फिटनेस टेस्ट को अनिवार्य कर रखा है। तुषारा ने अपने बयान में कहा कि उनकी फिटनेस का स्तर कभी भी कम नहीं पाया गया और श्रीलंका क्रिकेट ने उन्हें इस फिटनेस के साथ पहले भी खेलने की अनुमति दी थी।
ये भी पढ़ें
संजीव गोयन्का को हार के बाद भी पूरा भरोसा, LSG कप्तान ऋषभ पंत को लेकर क्या कहा