1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वर्ल्ड कप फाइनल की हार पर छलका रोहित का दर्द, बोले- 19 साल में करियर में 19 नवंबर जैसा दर्द कभी नहीं देखा

वर्ल्ड कप फाइनल की हार पर छलका रोहित का दर्द, बोले- 19 साल में करियर में 19 नवंबर जैसा दर्द कभी नहीं देखा

रोहित शर्मा ने खुलासा किया है कि 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल की दर्दनाक हार उनके 19 साल के करियर का सबसे कठिन समय था। उस फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था।

Rohit Sharma- India TV Hindi
Image Source : AFP रोहित शर्मा

टीम इंडिया को साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में अहमदाबाद के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल तोड़ देने वाली हार मिली थी। उस हार ने पूरी टीम को अंदर से झकझोर कर रख दिया था। इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने हाल ही में खुलासा किया है कि उस दर्दनाक हार से टीम के अंदर एक ऐसी जबरदस्त भूख और जीत की तड़प पैदा हुई, जिसने अगले ही साल टीम को 11 साल का सूखा खत्म कर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने की ताकत दी। बता दें कि रोहित हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आए थे।

19 साल के करियर में 19 नवंबर जैसा दर्द कभी नहीं मिला- रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने अपने शो फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा में बातचीत के दौरान कहा कि साल 2007 से लेकर अब तक यानी इन 19 सालों के क्रिकेट करियर में उनके लिए यह दौर सबसे कठिन रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने लिए ऐसा बुरा समय पहले कभी नहीं देखा था। साल 2012 में श्रीलंका दौरे पर जब उनका प्रदर्शन बेहद खराब चल रहा था, तब वह अपने खेल से काफी निराश थे, लेकिन वह उनका अपना व्यक्तिगत टारगेट था। लेकिन 19 नवंबर का दिन सिर्फ उनका नहीं, बल्कि पूरे देश का सपना था कि टीम इंडिया वर्ल्ड कप जीते, जिसे हासिल न कर पाना उनके लिए सबसे ज्यादा दर्दनाक और मुश्किल अनुभव था।

अगर वो हार नहीं मिलती, तो शायद टीम टी20 वर्ल्ड कप ना जीत पाती- रोहित

रोहित शर्मा ने आगे बात करते हुए कहा कि भारत में वर्ल्ड कप खेलना और उस दौरान टीम का प्रदर्शन इतना शानदार होना कि कभी हार की उम्मीद ही न हो, इस वजह से वह हार और भी ज्यादा चुभने लगी थी। लेकिन खेल का नियम ही यही है कि जब आपको लगने लगे कि सब कुछ एकदम सही चल रहा है, तभी अचानक कोई न कोई झटका आपको नीचे गिरा देता है। यही वो सीख है जो हमें स्पोर्ट्स से मिलती है।
रोहित शर्मा ने आगे बताया कि उस हार से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने कहा कि अगर वो हार नहीं मिलती, तो शायद 2024 में टीम टी20 वर्ल्ड कप ना जीत पाती, क्योंकि उस हार ने ही टीम के अंदर वो जबरदस्त तड़प और भूख पैदा की थी। उनका मानना है कि सफलता से ज्यादा असफलता आपको सिखाती है। रोहित ने याद किया कि जब वे 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के लिए वेस्टइंडीज और अमेरिका पहुंचे, तो टीम के हर एक खिलाड़ी में जो अलग तरह की ऊर्जा और जीतने की बेचैनी दिख रही थी, वैसी उन्होंने पहले कभी नहीं देखी थी।

वर्ल्ड कप 2023 में लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल में पहुंची थी टीम इंडिया

19 नवंबर 2023 की रात भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक बहुत बड़ा और कभी ना भूलने वाला गम लेकर आई थी। उस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल तक का सफर तय किया था और टीम फाइनल जीतने की प्रबल दावेदार थी। लेकिन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस की शानदार कप्तानी और ट्रेविस हेड की तूफानी शतकीय पारी के आगे भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन 11 महीने के बाद 29 जून को भारत ने बारबाडोस में साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था और 11 साल के ICC ट्रॉफी के सूखे को खत्म किया था।

यह भी पढ़ें

9 साल का इंतजार डरबन में हुआ खत्म, 2017 के बाद मैट रेनशॉ के बल्ले से आया शानदार शतक

29 साल के मिस्ट्री स्पिनर की हुई टीम में एंट्री, ODI ट्राई सीरीज के लिए हुआ स्क्वॉड का ऐलान

Latest Cricket News